loader image
Latest:
Monday, April 13, 2026

पुलिस बुलाने पर पिता ने बेटी का गला काटा:सोनीपत में ऑनर किलिंग, 2 साल पहले युवक के संपर्क में आई; लव मैरिज की जिद थी

 

हरियाणा में सोनीपत जिले के गोहाना में नर्सिंग की छात्रा चीनू (23) के ऑनर किलिंग में खुलासा हुआ है। चीनू 2 साल से एक युवक के संपर्क में थी और उससे शादी करना चाहती थी। परिवार इस शादी के बिल्कुल खिलाफ था। रविवार को घर में इसी बात पर झगड़ा हुआ।

चीनू ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस भी बुलाई, लेकिन मां ने मेन गेट ही बंद कर दिया। बाहर पुलिस को देखकर चीनू के पिता भड़क गए। उसने चाकू से उसका गला काट दिया। जब पुलिस छत के रास्ते घर में दाखिल हुई तो अंदर चीनू का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। पुलिस ने चीनू के पिता और भाई को हिरासत में ले रखा है। दोनों से पूछताछ जारी है।

चीनू की हत्या के बाद परिवार ने जब गेट बंद कर लिया तो पुलिस छत के रास्ते घर में दाखिल हुई।
चीनू की हत्या के बाद परिवार ने जब गेट बंद कर लिया तो पुलिस छत के रास्ते घर में दाखिल हुई।

 मृतका की पहचान गोहाना की देवीनगर कॉलोनी निवासी चीनू (23) के तौर पर हुई। वह मुखी नर्सिंग कॉलेज से जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) कोर्स कर रही थी। उसके पिता अनिल (50) ट्रांसपोर्टर हैं। उसका एक भाई राहुल भी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चीनू पिछले 2 साल से बुटाना गांव के एक युवक के संपर्क में थी और उससे शादी करना चाहती थी। चीनू का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था और उसकी शादी कहीं और करना चाहता था। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से झगड़े हो रहे थे।

रविवार को भी इसी बात को लेकर घर में झगड़ा हुआ। जब परिवार के लोग उसकी बात मानने को तैयार नहीं हुए तो चीनू ने मदद के लिए डायल 112 पर कॉल कर दी। सुबह 10:30 बजे पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस के मुताबिक, टीम जैसे ही घर पहुंची तो चीनू बाहर की तरफ जाने लगी। तभी उसकी मां ने घर का मेन गेट अंदर से बंद कर लिया। इस दौरान घर में झगड़ा बढ़ गया। पुलिस बाहर ही रह गई। पुलिस लगातार दरवाजा खुलवाने का प्रयास करती रही।

सूत्रों के मुताबिक, पिता रसोई से चाकू उठा लाया और चीनू को मारने के लिए दौड़ा। उसने चीनू की कमर पर वार किए। चीनू बचने के लिए मेन गेट की तरफ भागी। वहां अनिल ने चीनू का गला काट दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद छत के रास्ते पुलिस अधिकारी घर में दाखिल हुए। वहां गेट के पास चीनू का शव पड़ा हुआ था।

हत्या के बाद मौके पर जांच करने के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी।
हत्या के बाद मौके पर जांच करने के लिए पहुंचे पुलिस अधिकारी।

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पिता और भाई को हिरासत में ले लिया। साथ ही शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। अभी युवती का पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है। गोहाना पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मर्डर की वजह रिश्ता तय करने को लेकर हुआ झगड़ा लग रहा है। आरोपियों से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट कारण पता चल पाएंगे।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!