15 दिन बाद अमेरिका से कैथल पहुंचा अजय चौधरी का शव, चचेरे भाई ने दी मुखाग्नि | Kaithal News

कैथल ( साहिल कसून ) पूंडरी क्षेत्र के गांव टयोंठा के रहने वाले करीब 26 वर्षीय युवक अजय चौधरी का शव बुधवार को गांव में पहुंचा। परिजनों ने गांव के रिती रिवाज के अनुसार शव का अंतिम संस्कार किया। उसके शव को भारत लाने में सामाजिक संस्थाओं ने परिवार का सहयोग किया। वहीं दोस्तों और रिश्तेदारों ने भी परिवार का सहयोग किया। चचेरे भाई चिराग ने अजय को मुखाग्नि दी। इस दौरान पूरे गांव के लोगों की आंखें नम दिखाई दी।
बता दें कि 15 दिन पहले अजय की अमेरिका में ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई थी। युवक करीब 3 साल पहले अमेरिका गया था। अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। पास में रहने वाले उसके साथियों ने उसे अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने अजय को ये सोचकर विदेश भेजा था कि वहां जाकर दो पैसे कमाएगा और परिवार की गरीबी दूर करेगा, लेकिन अब अजय की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया है और उनके अरमानों पर पानी फिर गया है।

अजय के चाचा विनोद कुमार ने बताया कि अजय 3 साल पहले करीब 42 लाख रुपए लगाकर अमेरिका गया था। वह शिकागो में रह रहा था और एक राशन के स्टोर पर काम कर रहा था। परिवार ने कुछ पैसे अपनी तरफ से जमा किए, तो कुछ पैसे दोस्तों व रिश्तेदारों से उधार लिए थे। उसके बाद उसे अमेरिका भेजा था।
चाचा विनोद ने बताया कि अजय के परिवार में उसके पिता धर्म सिंह, माता रेखा रानी व एक छोटी बहन है। परिवार करीब पौना एकड़ जमीन पर खेती करता है और वे गांव में ही रहते हैं। अजय की अंतिम यात्रा में गांव सहित आसपास के गांवों के लोग और सामाजिक संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए।




