loader image
Friday, October 16, 2026

भिवानी में तेज रफ्तार प्राइवेट बस पलटी, 2 की मौत और 12 घायल | Haryana News | The Airnews

हांसी रोड पर बस पलटने के बाद मौके पर पड़ी डेडबॉडी। - Dainik Bhaskar
हांसी रोड पर बस पलटने के बाद मौके पर पड़ी डेडबॉडी।

भिवानी ( साहिल कसून )  शुक्रवार शाम सवारियों से भरी एक प्राइवेट बस पलट गई। बस हांसी की ओर जा रही थी। प्रेम नगर के पास एक स्टूडेंट गांव के चौक पर उतरना चाहता था। आरोप है कि ड्राइवर ने बस रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी।

बस में सवार यात्रियों के अनुसार, सामने ब्रेकर आने पर तेज रफ्तार बस उछलकर अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे में स्टूडेंट समेत दो की मौत हो गई। वहीं कंडक्टर समेत 12 लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे के बाद की तस्वीरें…

हांसी रोड पर प्रेम नगर के पास बस पलटी।
हांसी रोड पर प्रेम नगर के पास बस पलटी।
घायलों को तुरंत भिवानी सिविल अस्पताल लाया गया।
घायलों को तुरंत भिवानी सिविल अस्पताल लाया गया।
बस पलटने की सूचना के बाद सिविल अस्पताल पहुंचे DSP अनूप कुमार।
बस पलटने की सूचना के बाद सिविल अस्पताल पहुंचे DSP अनूप कुमार।

बस में सवार सोमेश ने बताया कि वह भिवानी से लोहारी जाटू जा रहा था। बस पूरी भरी हुई थी और उसमें 15 से 20 लोग खड़े थे। शाम साढ़े 5 बजे के करीब प्रेम नगर के पास पावर हाउस के सामने एक युवक बस से उतरना चाहता था। जब उसने ड्राइवर से बस रोकने को कहा तो उसने इनकार कर दिया और बस की रफ्तार तेज कर दी। बस की स्पीड करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई थी।

सोमेश ने आगे बताया कि इसी दौरान सामने ब्रेकर आ गया। तेज रफ्तार के कारण बस ब्रेकर पर उछलकर अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस से उतरने की कोशिश कर रहे युवक की भी मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकाला। कुछ देर बाद पुलिस भी पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सोमेश के हाथ और पैर में भी हल्की चोट आई है।

घायलों में बवानी खेड़ा निवासी कृष्ण, ऊषा और नवीन, लोहारी जाटू निवासी बीर सिंह और सोमेश, हांसी निवासी नवीन, इंदीवाली निवासी राहुल समेत अन्य लोग शामिल हैं। मृतक की पहचान प्रेम नगर निवासी मोहित (20) के रूप में हुई है। दूसरा मृतक लोहारी जाटू गांव का रहने वाला बताया गया है। अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

प्रेम नगर गांव के सरपंच राजेश कुमार ने बताया कि गांव के एक लड़के मोहित की मौके पर मौत हो गई। वह NEET की कोचिंग लेने के लिए भिवानी जाता था। वह दो भाइयों में बड़ा था। प्राइवेट बस वाले बहुत लापरवाही करते हैं। चार दिन पहले SDM से मुलाकात कर इनकी शिकायत भी दी गई थी। गांव के अड्‌डे पर ये बस नहीं रोकते। शाम के समय ये लोग नशे में चलते हैं।

DSP अनूप कुमार ने बताया कि बस श्योरण बस सर्विस की थी और भिवानी से हांसी जा रही थी। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल है। बस में करीब 60 सवारियां थीं। यात्रियों ने ड्राइवर पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!