सोनीपत में दर्दनाक हादसा: ईंटों से भरे ट्रक में घुसी कार, पति-पत्नी और बेटी की मौत
हादसा गांव पीपली के पास उस समय हुआ, जब मेरठ (उत्तर प्रदेश) से कलायत (कैथल) जा रही एक स्विफ्ट कार आगे चल रहे ईंटों से भरे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पति-पत्नी व उनकी बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। घायल को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब पौने 5 बजे गांव पीपली के पास केएमपी एक्सप्रेसवे पर मेरठ से कलायत जा रही स्विफ्ट कार आगे चल रहे ईंटों से भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार ड्राइवर पवन पुत्र देवकीनंदन, उसकी पत्नी शकुंतला निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) तथा उनकी बेटी अंजू निवासी दिल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि शकुंतला का मायका कलायत (कैथल) में है और पूरा परिवार वहीं जा रहा था।

कार में सवार शिवम पुत्र विनोद निवासी यमुनानगर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरखौदा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ट्रक से टक्कर हादसे की वजह मानी जा रही है।




