घर में बने कुंड में डूबने से मां समेत 2 बच्चों की मौत…
हरियाणा के फतेहाबाद में 10 फीट गहरे कुंड में 2 बच्चों संग कूदकर महिला ने सुसाइड कर लिया। महिला गांव में ही आंगनबाड़ी वर्कर थी। परिजनों ने बताया कि महिला का पति संदीप नशे का आदी है। इसी कारण पति-पत्नी के बीच क्लेश रहता था।
बीते दिन दोनों में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पति ने मारपीट भी की। इसी से परेशान होकर वह दो बच्चों के साथ कुंड में कूद गई। घर में पानी के स्टोरेज के लिए कुंड बना हुआ है।
जैसे ही पड़ोसियों व अन्य लोगों को पता चला तो उन्होंने तीनों को बाहर निकाला। मगर तब तक तीनों की डूबने से मौत हो चुकी थी। उधर, घटना के समय पति रेलवे स्टेशन लोगों को पानी पिलाने गया हुआ था। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना भट्टू क्षेत्र के गांव मेहुवाला की है। घटना के समय बच्चों का पिता संदीप कुमार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पानी पिलाने गया हुआ था। संदीप कुमार खेतीबाड़ी करता है। मरने वालों की पहचान पत्नी सुदेश (31), बेटा विनीत (8) और बेटी ज्योति (10) के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार, संदीप अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। उनकी बेटी ज्योति गांव में ही चौथी क्लास जबकि बेटा विनीत तीसरी क्लास में पढ़ता था।
घर में पानी स्टोरेज के लिए बनाया गया कुंड करीब 10 फुट गहरा है। आज ही पानी की सप्लाई आई थी। इस कारण कुंड को पूरी तरह भर लिया गया था। कुंड पूरा भरा होने के कारण ही तीनों उसमें डूब गए।
भट्टू थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सुसाइड के एंगल से भी जांच हो रही है। अभी मायके पक्ष के लोगों को बुलाया गया है। उनके बयान देने का इंतजार है।





