हिसार जीवन हत्याकांड: 3 टोल बंद, हाईवे जाम कर किसानों और खाप का प्रदर्शन | Hisar News
हिसार ( Sahil Kasoon )डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए किसानों और खाप प्रतिनिधियों ने 5 टोल बंद करा दिए। हिसार-सिरसा हाईवे पर लांधड़ी और अग्रोहा टोल पर किसान हुक्का लेकर बैठ गए।
रोहतक में भी किसानों ने मकड़ौली और चांदी टोल प्लाजा बंद कर दिया। हांसी के रामायण टोल पर महिलाएं दरी बिछाकर लेन के बीच ही बैठ गईं।
इस दौरान किसानों की वाहन चालकों से नोझोंक भी हुई। किसानों का कहना है कि दोपहर 2 बजे तक किसी भी वाहन को गुजरने नहीं दिया जाएगा। हालांकि, एंबुलेंस और इमरजेंसी वाहनों को निकाला जा रहा है।
प्रदर्शन को देखते हुए SSP और 3 DSP सहित 300 पुलिसकर्मी टोल पर तैनात हैं। पुलिस की एक कंपनी को रिजर्व रखा गया है। DSP किशोरी शर्मा का कहना है कि लोकल रूट से वाहन निकाले जा रहे हैं।
4 अगस्त को जीवन की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस सात लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, वहीं मुख्य आरोपी रमेश पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। रमेश की गिरफ्तारी के लिए किसानों ने टोल जाम किए हैं।
प्रदर्शन से जुड़ी तस्वीरें देखिए:-




हिसार पुलिस अब तक मामले में भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अब भी फरार है, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
SP सिद्धांत जैन ने बताया कि पुलिस की 10 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मुख्य आरोपी देश छोड़कर न भाग सके, इसके लिए लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी गई है और पुनर्वास के लिए रोजगार का आवेदन भी कराया गया है।
धरना कमेटी के सदस्य सुरेश कोथ ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी उचाना से भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री का रिश्तेदार है और राजनीतिक शह के कारण ही वह पुलिस की पकड़ से बाहर है।
मामले में विधायक अत्री ने कहा- आरोपी रमेश शर्मा मेरे गांव कसूहन का है और 5वीं पीढ़ी का रिश्तेदार है। 35 साल पहले ही उसका परिवार हिसार शिफ्ट हो गया था। अगर इस मामले में मेरा सगा भाई या बेटा भी शामिल होता, तो मैं उसकी पैरवी नहीं करता। हमारे परिवार में मर्डर के आरोपी को बचाने वाले संस्कार नहीं हैं।





