कैथल में 90 लाख का 488 किलो डोडा पोस्त बरामद, ग्लूकोज के डिब्बों में छिपाकर MP से पंजाब भेजी जा रही थी खेप
कैथल में पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 488 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। मध्य प्रदेश से ग्लूकोज के डिब्बों से भरे ट्रक में छुपाकर यह नशा पंजाब भेजा जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
बरामद नशे की कीमत करीब 90 लाख रुपए आंकी जा रही है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव सफदरपुर जिला पटियाला, हाल राजपुरा पंजाब निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई।
एसडीयू प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि यूनिट से एएसआई जसबीर सिंह की टीम अपराधों की रोकथाम के संबंध में गश्त पर थी। गांव मोहना क्षेत्र में पुलिस टीम को एक सूचना प्राप्त हुई कि NH-152D पर नारनौल की तरफ से एक लाल रंग का आयशर 6 टायरी ट्रक नंबर PB-11-CN-9737 आ रहा है, जिसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त रखा हुआ है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा NH-152D पर मोहना टोल से अम्बाला की तरफ लगभग एक किलोमीटर दूरी पर नाकाबंदी शुरू कर दी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम नारनौल की तरफ से आने वाले वाहनों पर नजर रख रही थी।

कुछ समय बाद एक लाल रंग का आयशर ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने ट्रक को रुकवाकर जांच की। ट्रक चालक की पहचान संदीप सिंह निवासी गांव सफदरपुर, जिला पटियाला, हाल निवासी राजपुरा, पंजाब के रूप में हुई।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में ग्लूकोज के डिब्बे लदे हुए दिखाई दिए। ट्रक के अंदर ग्लूकोज के डिब्बों के पीछे काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे छिपाकर रखे हुए दिखाई दिए। ट्रक से कुल 22 कट्टे डोडापोस्त के बरामद हुए।

जांच के दौरान 22 कट्टों से 488.600 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना पूंडरी में मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर नशा तस्करी में प्रयुक्त ट्रक जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह नशीले पदार्थ की खेप मध्य प्रदेश से पंजाब क्षेत्र में सप्लाई की जानी थी। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।





