नूंह में दर्दनाक हादसा: बाइक सवार परिवार को ट्रक ने कुचला, पिता और 3 बच्चियों की मौत

नूंह ( साहिल कसून ) मंगलवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में पिता और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों के शवों के चिथड़े बिखर गए। व्यक्ति की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
हादसा तावड़ू रोड पर मारिया मंजिल स्कूल के पास हुआ। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर नल्हड़ मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया। घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा पास की एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



मृतक बाइक सवार की पहचान पाड़ला गांव निवासी साबिर (32) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी नसरीम, दो बेटियों सिगरा और फातिमा और अपने साले किफायत की बेटी गजाला के साथ रात को एक रिश्तेदारी में जा रहा था। पांचों एक ही बाइक पर सवार थे।
घटना का 44 सेकेंड का CCTV वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक बाइक को टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। बाइक चला रहा व्यक्ति कई मीटर तक ट्रक के साथ घिसटता हुआ गया। उसकी पत्नी पीछे गिर गई, जबकि टक्कर लगते ही बच्चियां ट्रक के टायरों के नीचे आ गईं। पिता और तीनों बच्चियों के शवों के चिथड़े सड़क पर ही बिखर गए।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान एक बाइक सवार भी वहां आकर रुक गया। वीडियो में एक युवक यह कहते हुए सुनाई देता है कि ट्रक वाला मारकर भाग गया है, उसका पीछा करो। इसके बाद मौके पर भीड़ बढ़ गई। लोगों ने पुलिस को फोन कर हादसे की सूचना दी।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर सिटी थाना प्रभारी अजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने चारों मृतकों के शव कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज नल्हड़ के शवगृह में रखवा दिए। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।




