loader image
Wednesday, October 7, 2026

कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कैथल की नई अनाज मंडी में किया दौरा “पैदावार पर पाबंदी, कटाई पर कर्फ्यू, एमएसपी पर तालाबंदी” — आदित्य सुरजेवाला ने कैथल मंडी में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला

कैथल, 7 अक्टूबर 2026:
( साहिल कसून ) कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने आज कैथल की नई अनाज मंडी पहुँचकर मंडी के पूर्व प्रधान सतीश जैन की दुकान पर प्रेसवार्ता की और उसके बाद मंडी का दौरा किया। धान सीजन को लेकर उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार का फॉर्मूला साफ है — पैदावार पर पाबंदी, कटाई पर कर्फ्यू, बिक्री पर शर्त और एमएसपी पर तालाबंदी।

उन्होंने कहा कि किसान सड़क पर है जबकि मुख्यमंत्री नायब सैनी सिंगापुर घूम रहे हैं। “एक-एक दाना खरीदेंगे” का जुमला सिर्फ जुमला बनकर रह गया है। प्रदेश में कल तक धान की आवक 7 लाख 7 हजार टन हुई, लेकिन खरीद महज 1 लाख 38 हजार टन और उठान सिर्फ 21 हजार टन हुआ। नतीजा यह है कि 6 लाख 86 हजार टन धान खुले आसमान के नीचे पड़ा है, जबकि अगले छह दिनों में बारिश के आसार हैं। अब तक 16,302 किसानों का धान बिका, लेकिन सिर्फ 700 किसानों को ही भुगतान मिला है — यानी सौ में से महज चार।

आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि कैथल जिले में स्थिति और भी बदतर है। जिले में आवक 1 लाख 7 हजार टन हुई, खरीद केवल 8,600 टन (दस प्रतिशत से भी कम) और उठान मात्र 195 टन रहा। राजस्व विभाग और “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल के आँकड़ों में 4 लाख एकड़ से ज्यादा का अंतर है, जिसकी सजा किसान भुगत रहा है।

सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि
1. पराली पर डंडा, मदद शून्य
पराली जलाने पर 30 महीने तक पोर्टल बंद कर एमएसपी खरीद बंद कर दी जाती है। यह इलाज नहीं, बल्कि किसान की जमीन हथियाने की साजिश है। सरकार न तो मशीनें दे रही है और न पराली खरीद रही है।
2. कटाई पर कर्फ्यू और बिक्री पर शर्त
शाम 6 बजे से सुबह 10 बजे तक कंबाइन चलाने पर रोक लगा दी गई है। उल्लंघन पर खसरा-गिर्दावरी में रेड एंट्री और 30 हजार रुपये जुर्माना। कैथल में मंडी के गेट शाम 5 से रात 11 बजे तक बंद रखने की तैयारी है। साथ ही फसल सिर्फ अपने जिले में बेचने का नया फरमान जारी किया गया है।
3. पैदावार पर पाबंदी
इस साल पहली बार कोटा लागू किया गया है। कैथल के लिए 27.39 क्विंटल प्रति एकड़ और पलवल के लिए 21.39 क्विंटल। पिछले साल 35 क्विंटल तक खरीद होती थी। कैथल के किसान की हर एकड़ पर लगभग साढ़े सात क्विंटल MSP से बाहर जा रहा है, यानी करीब 18,500 रुपये की चोट। केंद्र का आदेश है कि 58 लाख टन से ज्यादा न खरीदा जाए, जबकि पिछले साल 62 लाख टन से अधिक खरीद हुई थी।
4. 17 प्रतिशत नमी का बहाना
17 प्रतिशत नमी की सीमा को खरीद से बचने का हथियार बनाया जा रहा है। सरकार 15 दिन देर से आई, न ड्रायर दिए और न सुखाने की जगह। नमी के नाम पर 250 रुपये प्रति क्विंटल तक कटौती की जा रही है।
5. एमएसपी बनाम महंगाई
अगस्त 2026 में खाद्य महंगाई लगभग 6 प्रतिशत रही, जबकि गेहूँ के MSP में महज 25 रुपये (1 प्रतिशत से कम) की बढ़ोतरी हुई है — 17 साल में सबसे कम। महंगाई घटाकर देखें तो गेहूँ पर वास्तविक एमएसपी में कमी आई है। सीएसीपी रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं की गई।

आदित्य सुरजेवाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मांग करते हुए कहा कि हर दाना एमएसपी पर खरीदा जाए। प्रति एकड़ कोटा और “अपने जिले में बेचो” की पाबंदी तत्काल समाप्त की जाए। कंबाइन पर समय पाबंदी, रेड एंट्री और 30 हजार रुपये जुर्माना वापस लिया जाए। नमी में ढील दी जाए, 250 रुपये की कटौती बंद हो और हर मंडी में ड्रायर उपलब्ध कराए जाएँ। पराली जलाने पर 30 महीने की रेड एंट्री वापस ली जाए। मशीन और पराली खरीद का इंतजाम किया जाए।खरीद 62 लाख टन से कम न हो। 58 लाख टन का आदेश वापस लिया जाए। गेहूँ-चने का एमएसपी महंगाई के हिसाब से बढ़ाया जाए, सीएसीपी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और खाद की पूरी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा के किसान ने तीन काले कानूनों को कामयाब नहीं होने दिया। इन चोर दरवाजे वाले हमलों को भी कामयाब नहीं होने देगा। कैथल का किसान अकेला नहीं है। कांग्रेस हर मंडी से विधानसभा तक किसान के साथ खड़ी है। नायब सैनी जी — रील नहीं, राहत दीजिए। फरमान नहीं, फसल खरीदिए। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड, राजीव गांधी पंचायती राज जिलाध्यक्ष कर्मबीर शर्मा खुराना, अश्विनी शोरेवाला, कांग्रेस शहरी ब्लॉक अध्यक्ष रामनिवास मित्तल, पूर्व प्रधान सतीश जैन, जयकिशन मित्तल, शीशपाल पाई, राजकुमार बैनीवाल, रामनिवास जैन, सुरेंद्र जैन, राजेंद्र मंगला, जाट धर्मशाला प्रधान रोशन पाडला, बालकू राम, कांग्रेस युवा जिलाध्यक्ष कविश मिड्डा, कांग्रेस ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष कुलदीप चहल दिल्लोवाली, मनीष सिक्का, सतीश जिंदल, गुरदेव मलिक, कुलदीप धारीवाल, सतीश चहल, करन मलिक, योगी मित्तल, अजय भट्ट, कुलदीप बागड़ी सहित अन्य साथी मौजूद रहे।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!