loader image

हरियाणा की पहली स्मार्ट रोड चरखी दादरी में बनेगी, 32.26 करोड़ होंगे खर्च; मिलेंगी Wi-Fi और म्यूजिक सिस्टम जैसी सुविधाएं

चरखी दादरी (लवप्रीत सिंह) हरियाणा के चरखी दादरी शहर को जल्द ही प्रदेश की पहली स्मार्ट रोड की सौगात मिलने जा रही है। करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 32.26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप तैयार करने की योजना है।

इस प्रोजेक्ट के तहत सड़क को केवल बेहतर बनाने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि यहां यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, साफ-सफाई और शहर की सुंदरता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्मार्ट रोड के साथ आसपास के बाजारों को भी आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।

स्मार्ट रोड की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में सड़क के दोनों ओर भूमिगत यूटिलिटी डक्ट का निर्माण शामिल है। इन डक्ट के माध्यम से बिजली की तारें, टेलीकॉम केबल और पानी की पाइपलाइन गुजारी जाएंगी। भविष्य में LPG पाइपलाइन डालने के लिए भी इसमें जगह उपलब्ध रहेगी।

इस व्यवस्था का फायदा यह होगा कि किसी नई लाइन को बिछाने या पुरानी लाइन की मरम्मत करने के लिए बार-बार सड़क की खुदाई नहीं करनी पड़ेगी। इससे सड़क की गुणवत्ता बनी रहेगी और लोगों को भी परेशानी नहीं होगी।

सड़क पर वाहन चालकों और पैदल चलने वालों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। पूरे मार्ग पर दिशा बताने वाले साइन बोर्ड, लेन मार्किंग और पैदल यात्रियों के लिए क्रॉसिंग बनाई जाएंगी।

इन पर थर्मोप्लास्टिक पेंट का इस्तेमाल होगा, जो वाहनों की हेडलाइट पड़ने पर चमकने लगेगा। इससे रात के समय भी सड़क की लेन और दिशा स्पष्ट दिखाई देगी। इसके अलावा सड़क के किनारे पार्किंग और भूमिगत ड्रेनेज की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

शहर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए पारंपरिक बिजली के खंभों की जगह आधुनिक सजावटी पोल लगाए जाएंगे। इन पर LED लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही तिरंगे और अलग-अलग थीम पर आधारित रोशनी की व्यवस्था होगी।

इससे सड़क और आसपास के बाजारों को नया रूप मिलेगा। रात के समय भी पूरा इलाका आकर्षक दिखाई देगा।

इस परियोजना में स्मार्ट बाजार को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है। रेलवे स्टेशन से परशुराम चौक होते हुए काठ मंडी तक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया जाएगा।

इसके माध्यम से हल्का संगीत प्रसारित किया जाएगा। वहीं, किसी आपात स्थिति, यातायात बाधा या जरूरी सूचना के समय इसी सिस्टम का इस्तेमाल करके लोगों तक संदेश पहुंचाया जा सकेगा।

स्मार्ट रोड के पूरे 5 किलोमीटर क्षेत्र में लोगों को मुफ्त Wi-Fi की सुविधा देने की योजना है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पूरे रूट पर हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।

इन कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जहां से 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था रहेगी। इससे बाजार और मुख्य सड़क पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी।

हरियाणा में स्मार्ट सिटी परियोजना को लेकर वर्ष 2016 में पहल की गई थी। शुरुआत में इसका फोकस बड़े शहरों पर रहा और स्मार्ट रोड व स्मार्ट बाजार विकसित करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, उस समय इस दिशा में सड़क निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ पाया।

इसके बाद वर्ष 2024 में छोटे शहरों को भी इस योजना से जोड़ने की कवायद शुरू हुई। इसके तहत विभिन्न शहरों में एक-एक सड़क और बाजार को स्मार्ट सुविधाओं से विकसित करने के लिए चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रक्रिया के तहत चरखी दादरी की सड़क के लिए 32.26 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ। अब इस परियोजना के पूरा होने पर शहर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सड़क और स्मार्ट बाजार मिलने की उम्मीद है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!