loader image

कुरुक्षेत्र में पति की बेरहमी से हत्या, पत्नी ने कहा- ‘काली माता आई थी

पति की हत्या करने के बाद पत्नी छत से कूद गई थी। महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनसेट में मृतक की फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar

पति की हत्या करने के बाद पत्नी छत से कूद गई थी। महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनसेट में मृतक की फाइल फोटो।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में व्यक्ति को सीने से लेकर प्राइवेट पार्ट तक काटने और आंतें बोरी में भरने के मामले में नया खुलासा हुआ है। राजेश की मां अमरो देवी ने बताया कि राजेश की हत्या करने के बाद उसकी पत्नी विमला आसपास के लोगों से कह रही थी, “मेरे सिर पर काली माता आ गई थी, इसलिए मैंने राजेश को मार दिया।”

अमरो देवी ने यह भी कहा कि इसके बाद वह छत से कूद गई। पुलिस के पहुंचने पर वह बेहोश हो गई। विमला सनकी थी और झाड़-फूंक भी करती थी। पुलिस को राजेश का लीवर का आधा हिस्सा और एक किडनी भी गायब मिली है।

यह बात भी सामने आई है कि विमला राजेश की तीसरी पत्नी थी और वह उससे उम्र में 4 से 5 साल बड़ी थी। दोनों ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर में लव मैरिज की थी। राजेश का अपनी पहली दो पत्नियों से तलाक हो चुका था। करीब एक साल पहले राजेश और विमला कुरुक्षेत्र में किराए के मकान में रहने लगे थे। इनकी कोई संतान नहीं थी।

जमीन पर पड़ा राजेश का शव। पास में पड़ी प्लास्टिक की बोरी और चाकू। विमला ने राजेश की आंतें निकालकर इसी बोरी में भरी थीं।
जमीन पर पड़ा राजेश का शव। पास में पड़ी प्लास्टिक की बोरी और चाकू। विमला ने राजेश की आंतें निकालकर इसी बोरी में भरी थीं।

राजेश पिहोवा रोड स्थित पीबी आरओ वाटर ट्रेडिंग कंपनी में काम करता था। यह कंपनी उसके किराए के मकान के पास ही थी। राजेश के साथ काम करने वाले एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि राजेश शराब पीने का आदी था। कई बार वह दिन में भी शराब पी लेता था। उसकी पत्नी विमला उसे शराब पीने से रोकती थी। हालांकि, राजेश ने कभी विमला के साथ झगड़े या विवाद की बात का जिक्र नहीं किया।

राजेश जिस मकान में किराए पर रहता था, उसके आसपास ज्यादा घर नहीं हैं। एक तरफ खाली प्लॉट है, जबकि दूसरी तरफ बगीचा है। पास में ही एक धर्मशाला भी है। आसपास के लोग भी इस मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। एक व्यक्ति ने बताया कि विमला ज्यादातर समय कमरे में ही रहती थी और आसपास के लोगों से ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। कुछ लोगों ने उसे कई बार कच्चे चावल और चीनी खाते हुए भी देखा था।

राजेश और विमला इसी मकान की पहली मंजिल पर रह रहे थे।
राजेश और विमला इसी मकान की पहली मंजिल पर रह रहे थे।

मकान मालिक रिंकू ने बताया कि राजेश अपनी पत्नी के साथ पहली मंजिल पर रहता था। पति-पत्नी के बीच कई बार झगड़े होते थे। शनिवार शाम राजेश और विमला के कमरे से चिल्लाने की आवाजें आती रही थीं। राजेश की चीख सुनकर वह ऊपर पहुंचा। जमीन पर राजेश खून से लथपथ था। उसके पेट पर गहरा घाव था। विमला उसकी आंतें प्लास्टिक की बोरी में भर रही थी। उसे देखकर विमला ने छत से छलांग लगा दी।

फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि जब शव उनके पास आया तो उसमें आधा लीवर और एक किडनी नहीं थी। मृतक के पेट पर 37 सेंटीमीटर लंबा और गहरा चीरा लगा हुआ था। चीरे से आंतें बाहर निकली हुई थीं। मृतक का आधा लीवर और एक किडनी कहां है, इसे बरामद करने की जिम्मेदारी पुलिस की है।

केयूके थाना प्रभारी सुरेंद्र संधू ने बताया कि पति की हत्या के मामले में आरोपी पत्नी ने वारदात के बाद छत से छलांग लगा दी थी। इस दौरान उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। फिलहाल आरोपी महिला लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती है। तबीयत में सुधार होने के बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी। पूछताछ के बाद ही हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!