कैथल महिला कांग्रेस ने महिला कांग्रेस संगठन मजबूती का दिया आश्वासन

कैथल 07 सितम्बर (साहिल कसून) चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के नेतृत्व एवं हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पल चौधरी के तत्वावधान में प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में संगठन को जिला एवं विधानसभा स्तर पर मजबूत करने, आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर जिम्मेदारियां निर्धारित करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने महिला पदाधिकारियों के सुझाव सुने और महिलाओं से सशक्त होकर कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करवाने तथा महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव प्रज्ञा पाशा जैन ने अपने सुझाव रखते हुए कहा कि हम हर संभव प्रयास करेंगे कि प्रत्येक महिला सशक्त बने और महिलाओं की भागीदारी से कांग्रेस संगठन को मजबूती मिले, ताकि आगामी चुनावों में कांग्रेस मजबूती के साथ अपना मुकाम हासिल कर सके।
वहीं, कैथल से पूर्व जिला अध्यक्ष सुशीला शर्मा ने आश्वासन देते हुए कहा कि पूर्व जिला अध्यक्ष के रूप में जिस प्रकार मैंने कैथल में संगठन की नींव को मजबूत किया और कांग्रेस की आवाज को बुलंद किया, उसी संकल्प के साथ आगे भी और अधिक उत्साह एवं ऊर्जा से कार्य करती रहूंगी। बैठक में कैथल से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रज्ञा पाशा जैन एवं सुशीला शर्मा ने प्रमुख रूप से भाग लिया।




