कैथल में अटल सेवा केंद्र संचालक 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, मैरिज सर्टिफिकेट के नाम पर मांगी घूस
कैथल (Sahil Kasoon )एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी का पंजीकरण प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर 20 हजार रुपए की रिश्वत लेने वाले अटल सेवा केंद्र संचालक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हिंद मार्केट स्थित अटल सेवा केंद्र का संचालक है। एसीबी ने केमिकल लगे नोटों के साथ उसे मौके पर ही पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
गांव मानस निवासी प्रदीप कुमार ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब 25 दिनों से विवाह पंजीकरण कराने के लिए हिंद मार्केट स्थित अटल सेवा केंद्र के संचालक विकास के पास चक्कर लगा रहा था। उसने विवाह पंजीकरण के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करा दिए थे, लेकिन इसके बावजूद आरोपी जानबूझकर उसका काम टालता रहा और हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर वापस भेज देता था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने काम करने के बदले पहले 22 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में दोनों के बीच 20 हजार रुपए में सौदा तय हो गया। रिश्वत की मांग से परेशान होकर प्रदीप कुमार ने एंटी करप्शन ब्यूरो से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी टीम ने जाल बिछाया। शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 20 हजार रुपए देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी के जिला प्रभारी इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। अब उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने पहले भी किन-किन मामलों में रिश्वत ली है और क्या इस तरह की गतिविधियों में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि जिले में भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो को दें, ताकि उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।




