जानलेवा हमला मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार: गंडासी और डंडों से किया था हमला, पुलिस ने हथियार बरामद किए
कैथल, 17 जून ( Sahil Kasoon ) थाना सदर कैथल पुलिस ने गांव मानस में हुए जानलेवा हमला मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को काबू कर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव मानस निवासी अंकुश की शिकायत अनुसार 4 मार्च को फाग के अवसर पर वह अपने साथी विक्की तथा सुनील के साथ कार में गांव मानस स्थित अपने घर जा रहा था। जब वे गांव के पंचायत घर के समीप पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने मोटरसाइकिल लगाकर उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने गाड़ी निकालने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने मोटरसाइकिल गाड़ी के आगे लगा दी। इसके बाद आरोपी अपने घरों से गंडासी, डंडे व अन्य हथियार लेकर आए और शिकायतकर्ता तथा उसके साथियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने शिकायतकर्ता अंकुश के सिर पर गंडासी से वार किए, जिससे उसके जबड़े, नाक तथा आंख के आसपास गंभीर चोटें आईं। हमले में वह मौके पर ही बेहोश हो गया। हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जिस बारे थाना सदर में मामला दर्ज किया गया था। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार मामले की जांच थाना सदर एसएचओ एसआई कुलदीप की अगुवाई में एएसआई प्रदीप कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गांव मानस निवासी रोहित, चेतन तथा राजेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया है। सभी आरोपी न्यायालय में पेश किए जाएंगे, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

जानलेवा हमला करने के मामले में आरोपी थाना सदर पुलिस गिरफ्त में




