फरीदाबाद में 200 फीट गहरे बोरवेल में गिरी 3 साल की नेहा, कैमरे में दिखे पत्थर; NDRF-SDRF का रेस्क्यू जारी
( साहिल कसून ) फरीदाबाद में 3 साल की बच्ची 200 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई। घटना सीही गांव में शाम करीब 7 बजे हुई। बच्ची बोरवेल के पास खड़े एक ट्रैक्टर पर चढ़कर खेल रही थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया।
बताया जा रहा है कि बोरवेल नगर निगम का था। हादसे की सूचना मिलते ही NDRF और SDRF ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। अंधेरा अधिक होने की वजह से बोरवेल के आसपास लाइटें लगाई गई हैं। टीम ने बोरवेल के अंदर एक कैमरा भी डाला है। वीडियो में अंदर कुछ पड़े पत्थर दिखाई दे रहे हैं। बच्ची के रोने की भी आवाज सुनाई दी।
बच्ची के पिता रामदीन का कहना है कि बोरवेल करीब 15 साल से बंद था। कुछ दिन पहले उसका ढक्कन हट गया था। घटना के दौरान वह काम पर गए थे। गांव के लोगों ने बेटी के बोरवेल में गिरने की सूचना दी।
रामदीन ने रोते हुए कहा…
मेरी तीन साल की बच्ची है। वो खेलते-खेलते बोरवेल में गिर गई। कई घंटे से मेरी बच्ची अंदर ही है। बस उसे बचा लो।

सीही गांव में नगर निगम की जमीन पर बोरवेल लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि ये कई सालों से सूखा पड़ा है। रविवार शाम 3 साल की नेहा बस्ती के बच्चों के साथ बोरवेल के पास ही खेल रही थी। यहां एक ट्रैक्टर भी खड़ा था।
खेलते-खेलते बच्चे इस ट्रैक्टर पर ही चढ़ गए। इसी दौरान नेहा अचानक ट्रैक्टर से गिरकर सीधे बोरवेल में गिर गई। नेहा के अंदर गिरते ही बच्चों ने शोर मचा दिया। आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए। तुरंत ही नेहा के पिता रामदीन को घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बोरवेल के अंदर से बच्ची के रोने की आवाज आ रही है। NDRF और SDRF की टीम मौके पर पहुंच रही है। अभी ग्रामीणों को बोरवेल से दूर किया जा रहा है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची कितनी गहराई पर फंसी है।



नगर निगम के XEN संजीव कुमार ने बताया कि करीब 15 साल पहले इस बोरवेल को बंद किया गया था। निगम की ओर से बोरवेल को ढक्कन लगाकर बंद किया गया था। ढक्कन हटने की जानकारी निगम को नहीं दी गई थी। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रामदीन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के रहने वाले हैं। वे कई सालों से सीही गांव में ही रह रहे हैं। गांव में ही मजदूरी का काम करते हैं। परिवार में रामदीन, उनकी पत्नी और बच्चे हैं।




