वोट चोरी के खिलाफ 1 नवंबर को दिल्ली में कांग्रेस की महारैली, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग | Kaithal News
कैथल, 26 अक्टूबर 2026 ( साहिल कसून ) आज किसान भवन, कैथल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस व जिला कांग्रेस कमेटी की मीटिंग में एआईसीसी ऑब्जर्वर अनिल चौधरी, जिला प्रभारी बृजेन्द्र सिंह और कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने लोकतंत्र पर मंडरा रहे खतरे के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई। तीनों नेताओं ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में होने वाली ‘वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ महा रैली में कैथल जिले के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग दोहराई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एआईसीसी ऑब्जर्वर अनिल चौधरी ने कहा कि देश में वोट चोरी का खेल खुलेआम चल रहा है। मतदाता सूचियों से करोड़ों नाम काटे जा रहे हैं, नियमों को ताक पर रखकर चुनाव आयोग को सत्ता के हित में इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग की गरिमा और निष्पक्षता को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। अब देश जवाब देने के लिए तैयार है। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली इस रैली में हरियाणा के हर जिले से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। यह रैली सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि लोकतंत्र बचाने का संकल्प है।
जिला प्रभारी बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके द्वारा नियंत्रित चुनाव आयोग लोकतंत्र की जड़ें खोदने में लगे हैं। मतदाताओं के नाम काटने का यह खेल देश की आत्मा पर हमला है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों को सुधारा नहीं जाता, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। कैथल जिले के कार्यकर्ता और आम जन 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचकर इस महा रैली को सफल बनाएंगे।
कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वोट हमारा सबसे बड़ा अधिकार है। इसे चुराने की कोशिश किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी ने पूरे देश को इस लड़ाई में एकजुट करने का आह्वान किया है। कैथल और पूरे हरियाणा के लोग 1 नवंबर को रामलीला ग्राउंड पहुंचकर साबित करेंगे कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए वे तैयार हैं। आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि यह रैली वोट चोरी के खिलाफ देशव्यापी गुस्से का प्रतीक बनेगी और ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देने पर मजबूर करेगी।
जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड ने कहा कि कैथल जिला कांग्रेस इस महा रैली को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। जिले के हर ब्लॉक और गांव से कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ यह लड़ाई हर कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जन की लड़ाई है। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा, क्योंकि जनता अब चुप नहीं बैठेगी। जिलाध्यक्ष ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि 1 नवंबर की रैली में अधिकतम संख्या में शामिल होकर लोकतंत्र बचाने का संदेश दें।
चारों नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या दल की नहीं, बल्कि पूरे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की है। मतदाता सूची से नाम काटने, एसआईआर प्रक्रिया की मनमानी और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर उठे सवालों का जवाब अब जनता देगी। 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में लाखों लोग जुटकर यह संदेश देंगे कि वोट चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेताओं ने स्पष्ट किया कि हरियाणा कांग्रेस इस महा रैली को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर रही है। जिले भर में कार्यकर्ताओं को संगठित किया जा रहा है और दिल्ली पहुंचने के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।इस अवसर पर पूर्व सीपीएस सुल्तान जडौला, युजवेंद्र गुहला, सुरेंद्र रांझा, सुनील कुंडू, रोशन पाड़ला, साहब सिंह विर्क, जोरा सिनंद, कृष्ण सिसला, सोनू सेठ, बृजपाल राणा, रामपाल बरसाना, दर्शन खनौदा, रणधीर शर्मा सांगन, रामकुमार बंसल, राजेश बिट्टू, रामनिवास मेहरा, दलबीर नैन, लख्मी पबनावा, धर्मवीर गुलियाना, रामनिवास गिल, गंगा बिशन पयोदा, अनिल खुरानिया, परवीन धीमान, जितेंद्र गढ़ी, जयपाल शर्मा, मनोज कुर्रा, विवेक गोयल, सरदार मनजीत रत्ताखेड़ा, राकेश ढुल, सुरेंद्र फ़रियाबाद, राजेंद्र तंवर, सतीश रोहेड़ा माजरा, राजेंद्र रूहल, अमित राणा, दलबीर नैन, चाँदी कुण्डू, सत्तू कैलरम, मुकेश राणा, अनिल गुर्जर, कुलदीप धारीवाल, राजीव गुप्ता, राजपाल आर्य, जोगेंद्र सैनी, पीएल भारद्वाज, कर्मबीर शर्मा, रामनिवास मित्तल, कविश मिड्डा, रामफल नौच, सुरजीत बेनीवाल, विक्रम हरिगढ़, रणबीर मदूद, रामफल मोहना, नरेंद्र पिलनी, रणधीर कसान, बलवान कुराड सहित अन्य साथी मौजूद रहे।





