सिरसा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 5 लोगों की मौत; लंबा जाम
सिरसा ( साहिल कसून ) 20 से 25 महिलाओं-पुरुषों को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्राली की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पलट गए। हादसे में ट्राली में सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। एक बाइक सवार भी ट्रक के नीचे दब गया, उसने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस भी आ गई। राहत बचाव कार्य शुरू किया गया। तुरंत ही कुछ वाहनों की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया। उधर, हादसे के चलते रोड पर जाम की स्थिति बन गई है। पुलिस जाम को खुलवाने में जुटी हुई है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार ट्रक ने पेड़ की टहनी बचाने के चक्कर में आगे जा रही ट्रॉली को टक्कर मार दी। 10 बजे तक केवल एक मृतक की पहचान हुई थी, जो फास्ट फूड शॉप संचालक लवप्रीत था। पांच भाई-बहनों में वह सबसे बड़ा था और दुकान का सामान लेने सिरसा जा रहा था।





शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्राली मालिक सुरेंद्र गुरुवार की सुबह छह बजे अपने गांव से 20 से 25 महिलाओं-पुरुषों को लेकर गांव गुड़िया खेड़ा रहा था। ये लोग नरमा चुगाई के लिए जा रहे थे। रास्ते में मुल्लेका गांव के पास सरपंच के पेट्रोल पंप के पास उनकी ट्रैक्टर-ट्राली सिरसा की ओर से आ रहे ट्रक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार तेज थी। उसमें बॉक्स में सामान भरा था। ट्रक ने पेड़ के टहनी बचाने के चक्कर में सीधा आगे जा रही ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर ट्रॉली रोड के दूसरी तरफ पलट गई। इसके बाद ट्रक भी पलट गया, जिसके नीचे एक बाइक सवार दब गया।
ट्रक से टकरा ट्रॉली जैसे ही पलटी, उसमें सवान लोग सड़क पर आ गिरे। इनके ऊपर ट्राली भी पलट गई। लोगों में चीख पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह ट्राली को सीधा कराया। ट्रक के अंदर से भी ड्राइवर और हेल्पर को बाहर निकाला गया।

इसके बाद लोगों ने कुछ वाहनों को रो-रोकर घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां ड्राक्टरों ने पांच को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पांचों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवाया। घायलों में ओटू निवासी बुजुर्ग कुलवंत के अलावा रजनी, कैलाशी और मनप्रीत कौर, कांता, परमजीत कौर, संदीप कौर, शीला देवी शामिल है। इन सभी का अस्पताल में इलाज जारी है।
मृतकों में अभी तक केवल फतेहाराज निवासी लवप्रीत (35) की ही पहचान हुई है। लवप्रीत फास्ट फूड की दुकान चलाता था। वह सिरसा से सामान लेने के लिए बाइक से निकला था। हादसे के दौरान उसकी बाइक भी ट्रक की चपेट में आ गई। परिवार के मुताबिक, वह पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार को इकलौता कमाने वाला था। अस्पताल पहुंचे उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।





