करनाल CIA टीम पर यमुनानगर में पथराव: आरोपी को छुड़ाया, महिलाओं ने काटा; जान बचाकर भागे पुलिसकर्मी
हरियाणा ( Sahil Kasoon ) यमुनानगर में युवक को पकड़ने पहुंची करनाल की सीआईए टीम का ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। यहीं नहीं, आरोपी को पुलिस की हिरासत से छुड़वा लिया। पुलिस टीम ने सख्ती दिखाई तो ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के बच्चे, महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में एकत्र हो गए और पत्थर बरसाते हुए उन्हें गांव से खदेड़ना शुरू कर दिया। गालियां देते हुए उनके पीछे भाग पड़े। कुछ महिलाओं द्वारा पुलिसकर्मियों को दांत से काटने की भी जानकारी मिली है।
स्थिति को बेकाबू होता देख पुलिस ने अपनी गाड़ियों को तेज रफ्तार में गांव से बाहर निकाला और अपनी जान बचाई। इस हमले में कुछ पुलिस कर्मी घायल भी हुए है, जिनका डॉक्टर से उपचार कराया गया है।
इसके बाद घटना की सूचना मिलते ही थाना रादौर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। फिलहाल, गांव में तनाव की स्थिति है, जिसे देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।
पुलिस पर पथराव के कुछ PHOTOS….



करनाल जिले की असंध सीआईए की टीम इंद्री थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे राजेंद्र निवासी रादौर के छोटा बांस गांव की डेहा बस्ती में मंगलवार शाम छह बजे पहुंची थी। पुलिस टीम एक सरकारी और एक प्राइवेट गाड़ी में आई थी। टीम ने जैसे ही राजेंद्र को गिरफ्तार किया, वहां मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में पुलिस वाहन के शीशे टूट गए।
इस दौरान ग्रामीणों ने राजेंद्र को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया। पुलिस कर्मियों ने इसका विरोध किया तो ग्रामीण उग्र हो गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की शुरू कर दी। इस विवाद में महिलाएं भी कूद पड़ी और सड़क किनारे पडे़ ईंट-पत्थर उठाकर पुलिसकर्मियों पर फेंकने शुरू कर दिए।
हमले के बीच सीआईए टीम ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने काफी दूर तक टीम का पीछा भी किया। टीम ने गांव से बाहर पहुंच कर घटना की सूचना थाना रादौर पुलिस को दी। इसके बाद रादौर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले पर काबू पाया। सीआईए टीम में इंचार्ज एसआई प्रवीण कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

रादौर थाना प्रभारी एसआई राजेश कुमार ने बताया कि गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल मंगवाया गया है। हमले में घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। उच्च अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल गांव में हालात सामान्य हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल को मौके पर तैनात रखा गया है।




