झज्जर KMP पर श्रद्धालुओं की पिकअप को कैंटर ने मारी टक्कर, 2 की मौत; 2 दर्जन से ज्यादा घायल
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ से होकर गुजरने वाले KMP एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। मांडोठी गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी और कैंटर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी से श्रद्धालु पिकअप गाड़ी में सवार होकर राजस्थान के गोगामेड़ी धाम दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु वापस चंदौसी लौट रहे थे। इसी दौरान मांडोठी गांव के पास KMP पर उनकी पिकअप गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।

घायलों का आरोप है कि उनकी पिकअप धीमी गति से चल रही थी, तभी पीछे से आए कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैंटर ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद PGI रोहतक रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर KMP पर यातायात को सुचारू कराया गया। मृतकों के शवों को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। कैंटर ड्राइवर की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।




