loader image
Tuesday, June 30, 2026

नारनौल में खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटा, दादा-पोते की दर्दनाक मौत

हरियाणा ( Sahil Kasoon ) नारनौल के नांगल चौधरी क्षेत्र में सोमवार देर शाम खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दादा और उसके पोते की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, नांगल चौधरी के वार्ड नंबर-10 निवासी 62 वर्षीय हनुमान शर्मा (टनीया) पुत्र बंशी शर्मा अपने 15 वर्षीय पोते तरुण व 13 वर्षीय तनिष्क के साथ खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था। बताया जा रहा है कि खेती का कार्य सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। देखते ही देखते दादा और दोनों पोते ट्रैक्टर के नीचे दब गए।

खेत में पलटा ट्रैक्टर।
खेत में पलटा ट्रैक्टर।

हादसे को देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को बचाने का प्रयास किया। साथ ही पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी गई। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दादा व दोनों पोतों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दादा हनुमान शर्मा तथा एक पोता तरुण की की मौत हो चुकी थी। वहीं तनिष्क को पुलिस कर्मियों व लोगाें ने बचा लिया। इससे बचाव कर रहे पुलिसकर्मी सुरेंद्र को भी चोट लगी ।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दादा और पोते की एक साथ मौत से परिजनों और गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि हनुमान शर्मा मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और उनका पोता भी अक्सर खेती के काम में उनका हाथ बंटाता था।

मौके पर पहुंची पुलिस व जमा लोगों की भीड़।
मौके पर पहुंची पुलिस व जमा लोगों की भीड़।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा ट्रैक्टर पलटने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से पूरे नांगल चौधरी क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!