loader image

सोनीपत में ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या! स्कूटी की स्पीड को लेकर हुआ विवाद, परिजनों ने GT रोड किया जाम

हरियाणा के सोनीपत में रविवार देर रात एक ढाबा संचालक की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी गई। विवाद स्पीड में स्कूटी चला रहे युवक को टोकने पर हुआ। गोली लगने से घायल ढाबा संचालक को नरेला स्थित अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोमवार सुबह ढाबा संचालक के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जीटी रोड (NH-44) पर कुंडली-सिंघु बॉर्डर के पास जाम लगा दिया। परिवार एम्बुलेंस में शव लेकर हाईवे पर पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। ACP ऋषिकांत के समझाने पर परिवार मान गया और आधे घंटे बाद जाम खोल दिया।

इससे पहले, प्रदर्शन कर रहे युवकों की भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज के साथ कहासुनी हुई। इसका वीडियो भी सामने आया। जिसमें अशोक भारद्वाज युवकों को यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि, “तुझे पता है मैं किसके साथ खड़ा हूं।” इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनातनी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव किया।

जीटी रोड पर ट्रैफिक को रोकते ढाबा संचालक के परिवार के लोग।
जीटी रोड पर ट्रैफिक को रोकते ढाबा संचालक के परिवार के लोग।
परिवार के लोग एम्बुलेंस में ढाबा संचालक का शव लेकर हाईवे पर पहुंचे।
परिवार के लोग एम्बुलेंस में ढाबा संचालक का शव लेकर हाईवे पर पहुंचे।
हाईवे पर ढाबा संचालक के परिवार के लोगों और भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज के बीच कहासुनी हो गई।
हाईवे पर ढाबा संचालक के परिवार के लोगों और भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज के बीच कहासुनी हो गई।

नरेंद्र खत्री (33) कुंडली के रहने वाले थे और पिछले करीब 10 साल से प्याऊ मनिहारी में मित्रां दा ढाबा चला रहे थे। करीब 6 साल पहले उनकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र करीब 2 और 4 साल है। नरेंद्र और उनका भाई ढाबा चलाते थे, जबकि उनके पिता मकान बनाने का ठेका लेते हैं। नरेंद्र के ढाबे से करीब आधा किलोमीटर दूर उमाशंकर कॉलोनी में उनका पानी का प्लांट है। प्लांट के साथ किराए के कमरे भी बने हुए हैं, जिनकी देखरेख निखिल करता है।

परिजनों के मुताबिक, रविवार रात प्लांट के पास करीब 20-22 युवक बैठे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान अमन यादव तेज रफ्तार से स्कूटी चलाते हुए वहां पहुंचा। निखिल ने उसे स्कूटी धीरे चलाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर अमन और निखिल के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि अमन और उसके साथ मौजूद युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई।

विवाद की जानकारी मिलने पर नरेंद्र प्लांट पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान अमन यादव ने नरेंद्र के साथ भी गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने पर अमन ने पिस्तौल निकालकर नरेंद्र के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही नरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गए। नरेंद्र को नरेला के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, अमन यादव पेपर मिल कॉलोनी का रहने वाला है। गोली चलाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार रात को कुंडली पुलिस ने ढाबा संचालक का शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भिजवा दिया था।
सोमवार रात को कुंडली पुलिस ने ढाबा संचालक का शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भिजवा दिया था।

नरेंद्र के परिवार के मुताबिक, आरोपी अमन यादव आपराधिक प्रवृत्ति का है। आरोप है कि उसने पहले भी एक युवक के पैर में गोली मारी थी और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। परिवार ने पुलिस से आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही उसकी पूरी संपत्ति पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!