कांग्रेस विधायक के ऑफिस पर फायरिंग करने वाले बदमाश का एनकाउंटर, रोहतक पुलिस ने पैर में गोली मारकर दबोचा
रोहतक ( Sahil Kasoon ) महम में कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के ऑफिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। आरोपी के पैर में गोली लगी। सीआईए टीम ने मुठभेड़ के बाद उसे काबू किया और ईलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया।
सीआईए की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि लाखनमाजरा से खरकड़ा जा रही रोड पर एक आरोपी जा रहा है। जब उसे घेरकर रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी।
विधायक के ऑफिस पर शुक्रवार रात फायरिंग हुई थी। मामले में पुलिस की 8 टीमें लगातार दबिश दे रही थी।
एनकाउंटर के बाद



पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपी की पहचान अमन के रूप में हुई, जो गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया का गुर्गा बताया जा रहा है। सुमित उर्फ छोटा पर कई अपराधिक मुकदमें है और वह फरवरी 2026 में ही हरिद्वार के रास्ते विदेश भाग गया था। सुमित उर्फ छोटा ने शराब के ठेके पर भी फायरिंग की थी, जिसमें वह गिरफ्तार भी हो चुका है।
सीआईए इंचार्ज कुलदीप के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान आरोपी का पुलिस से आमना-सामना हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की ओर से खतरा पैदा होने पर जवाबी कार्रवाई की गई। जवाबी फायरिंग में एक गोली आरोपी अमन के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
गोली लगने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी को काबू कर लिया। प्राथमिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे उपचार के लिए पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क, गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया से संबंध तथा अन्य मामलों में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

सीआईए इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी विधायक के कार्यालय में फायरिंग करने वाले मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी को ईलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया है। जल्द मामले में अन्य आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।




