loader image

कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 करोड़ का 1928 किलो डोडा पोस्त बरामद, 6 तस्कर गिरफ्तार

कैथल, 13 जुलाई ( Sahil Kasoon) जिला पुलिस द्वारा नशा मुक्त हो जिला अभियान के तहत डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल के निर्देशानुसार, आईजी करनाल रेंज करनाल अशोक कुमार के मार्गदर्शन में तथा एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के कुशल नेतृत्व में नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी तहत स्पेशल डिटेक्टिव युनिट द्वारा अंतरराज्यीय नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दिल्ली-कटरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकाबंदी कर एक ट्रक तथा उसकी एस्कॉर्ट कर रही क्रेटा कार से कुल 95 कट्टों में 1928.100 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद करते हुए 6 आरोपियों को काबू किया गया। बरामद किए गए नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।


जानकारी देते हुए डीएसपी सुशील प्रकाश

          डीएसपी सुशील प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि  स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई तरसेम सिंह की टीम अपराध नियंत्रण एवं गश्त के दौरान दिल्ली-कटरा हाईवे पर गांव सिणद क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दिल्ली की ओर से एक सफेद रंग की क्रेटा कार तथा उसके पीछे एक ट्रक आ रहा है। सूचना के अनुसार दोनों वाहन एक-दूसरे के साथ चल रहे हैं तथा इनमें बैठे लोग पंजाब के रहने वाले हैं, जो लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना अनुसार ट्रक में ऊपर की तरफ लोहे का स्क्रैप रखा गया है, जबकि उसके नीचे भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर पंजाब ले जाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने गांव सिणद क्षेत्र में दिल्ली-कटरा हाईवे पर नाकाबंदी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच शुरू की और संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखी। कुछ समय बाद सूचना के अनुसार एक सफेद रंग की क्रेटा कार तथा उसके पीछे एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब क्रेटा कार को रुकने का संकेत दिया तो चालक ने अचानक वाहन मोड़कर वापस भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछे अन्य वाहनों की आवाजाही होने के कारण वह सफल नहीं हो सका। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को चारों ओर से घेरकर सुरक्षित रोक लिया। पूछताछ में क्रेटा कार में सवार चार व्यक्तियों की पहचान रवि कुमार निवासी पातड़ा, करनैल सिंह निवासी गांव मरोड़ी, नरेश उर्फ नेशी निवासी निर्मलकोट (साधमाजरा) तथा सुखविन्द्र सिंह उर्फ बिन्दु निवासी गांव मरोड़ी, जिला पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई। वहीं ट्रक में सवार दो व्यक्तियों की पहचान हरविन्द्र सिंह निवासी गांव रतनहेड़ी, जिला पटियाला तथा गुरजैन्ट निवासी समाना, जिला पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई। पुलिस सूचना उपरांत डीएसपी कलायत रोहताश कुमार मौके पर पहुंचे। क्रेटा कार की तलाशी दौरान कार की डिग्गी से काले रंग के 5 कट्टो से 101 किलोग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ। इसके बाद ट्रक की गहन तलाशी ली गई। ट्रक के केबिन के पीछे बने विशेष गुप्त हिस्से से 90 कट्टे बरामद हुए। सभी कट्टों की जांच करने पर उनमें भी डोडा पोस्त मिला। प्रत्येक कट्टे का अलग-अलग इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन किया गया। सभी 90 कट्टों का कुल वजन 1827.100 किलोग्राम पाया गया। इस प्रकार दोनों वाहनों से कुल 95 कट्टों में 1928.100 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज करके सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मध्यप्रदेश से यह नशीला पदार्थ खरीदकर लाए है तथा पंजाब में सप्लाई करना था।


नशा तस्कर पुलिस गिरफ्त में

          डीएसपी ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। वर्ष 2025 में अब तक 59 मामलों में 105 आरोपी गिरफ्तार किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 111 मामलो में 169 आरोपी काबू किए जा चुके है। जिनके कब्जे से 15.6 किलो अफीम, 7.30 किलो चरस,  139.5 किलो चूरा पोस्त, 747.16 ग्राम हेरोइन, 123.2 किलो गांजा, 2488 किलो डोडापोस्त, 15 किलो अफीम फसल  बरामद की गई है। वहीं कमर्शियल क्वाटिंटी के 2025 में अब तक 6 मामलो में 17 आरोपियों को काबू किया गया था। जबकि वर्ष 2026 में कमर्शियल क्वाटिंटी के 23 मामलो में 43 आरोपी काबू किए जा चुके है। जिनके कब्जे से भारी मात्रा में नशी पदार्थ बरामद हुआ है।

डीएसपी ने कहा कि जिला पुलिस का साफ संदेश है, किसी भी नशा तस्कर को बक्शा नहीं जाएगा। कैथल पुलिस द्वारा विशेष तौर पर नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए कैथल व गुहला-चीका में 2 एंटी नारकोटिक सैल भी बनाए गए है। जिला पुलिस की सभी क्राइम युनिट सहित थाना चौकी की टीमें लगातार नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कस रही है। आमजन के पास नशा तस्करी से संबंधित कोई सूचना है तो बेझिझक पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। नशा तस्करों की असली जगह जेल है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!