loader image

कैथल में बदमाश का एनकाउंटर! टांग में लगी गोली, पुलिस से पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश | Kaithal News

कैथल में आपसी रंजिश के चलते अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुसकर दो युवकों पर चाकूओं से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक बदमाश का एनकाउंटर कर दिया। उसकी टांग में गोली लगी। आरोपी को उत्तर प्रदेश के शामली क्षेत्र से गिरफ्तार कर कैथल लाया जा रहा था। इसी दौरान मंडवाल माइनर, असंध रोड राजौंद के पास आरोपी ने पुलिस कर्मचारी का सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिस हिरासत से फरार होने का प्रयास किया।

पीछा कर रही पुलिस टीम पर पिस्टल से फायर कर दिया। पुलिस द्वारा आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन आरोपी ने पेड़ों की आड़ से पुलिस टीम पर लगातार फायरिंग की। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया। उसको इलाज के लिए कैथल नागरिक अस्पताल में लाया गया है।

अस्पताल में रोता रहा बदमाश।
अस्पताल में रोता रहा बदमाश।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने इस संबंध में अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता की। उन्होंने बताया कि क्योड़क निवासी कुलदीप व अभिषेक पर क्योड़क निवासी गोविन्द तथा गयोंग निवासी गोकन ने चाकूओं से जानलेवा हमला किया तथा फरार हो गए थे। आरोपियों को काबू करने के लिए 6 पुलिस टीम लगाई गई थी। सीआईए-1 टीम द्वारा मामले में वांछित आरोपी गोविन्द निवासी क्योड़क को कल रात को गांव चौंतरा, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार करके पुलिस टीम उसको कैथल ला रही थी। पुलिस टीम जब करीब रात 2:30 बजे मंडवाल माइनर के पास पहुंची तो वहां स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के एएसआई तरसेम की टीम नाकाबंदी पर मौजूद थी। इसी दौरान दोनों पुलिस टीमों द्वारा उक्त अभियोग में वांछित अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के संबंध में आपस में विचार-विमर्श किया जा रहा था।

घायल युवकों को अस्पताल से एंबुलेंस में ले जाते परिजन
घायल युवकों को अस्पताल से एंबुलेंस में ले जाते परिजन

इसी दौरान सरकारी बोलेरो में पीछे बैठे आरोपी गोविन्द ने मौका पाकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारी के गन होल्डर में लगी सरकारी पिस्टल झपटकर छीन ली। आरोपी ने सरकारी वाहन की पिछली खिड़की खोलकर भागने का प्रयास किया। पुलिस कर्मचारियों ने उसका पीछा करते हुए उसे रुकने की आवाज लगाई, लेकिन आरोपी ने पुलिस कर्मचारी से छीने गए सरकारी पिस्टल से पुलिस पार्टी की ओर सीधा फायर कर दिया।

गोली सरकारी वाहन के पिछले हिस्से में लगी, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस टीमों ने आरोपी को काबू करने के लिए पीछा किया। आरोपी मंडवाल माइनर के रजबाहे की पटरी पर पेड़ों की आड़ में छिप गया। पुलिस टीम द्वारा उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई। इसके बावजूद आरोपी ने पेड़ों की आड़ से पुलिस पार्टी की ओर लगातार सीधे फायर करना शुरू कर दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोविन्द के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर नीचे गिर गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को काबू किया तथा उसके पास से पुलिस कर्मचारी से छीना गया सरकारी पिस्टल भी बरामद कर लिया।

घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, पुलिस अभिरक्षा से भागने, पुलिस कर्मचारी से पिस्टल छीनने के आरोप में थाना राजौंद में मामला दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ कैथल, कुरुक्षेत्र, गनौर में पहले भी लूट, स्नेचिंग, आर्म्स एक्ट, जानलेवा हमला करने के करीब 6 मामले दर्ज है।

मामले के बारे में बताते डीएसपी सुशील प्रकाश
मामले के बारे में बताते डीएसपी सुशील प्रकाश

बता दें कि सोमवार को चार आरोपियों ने अस्पताल में मेडिकल करवाने आए दो युवकों पर चाकूओं से हमला कर दिया था। आरोपी हमले के बाद मौके से फरार हो गए थे। यह हमला रंजिश के चलते किया गया था। पुलिस की छह टीमें आरोपियों की तलाश कर रही थी। अब मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!