loader image
Saturday, June 27, 2026

गुरुग्राम में बॉयफ्रेंड ने की महिला की हत्या: रूम पर हुई कहासुनी, बाद में शव मिट्टी में दबाया


गुरुग्राम — 27 नवंबर की रात लापता हुई 32 वर्षीय जाबेदा खातून की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। करीब 11 दिनों बाद उसका शव सेक्टर-29 स्थित पावरग्रिड बिल्डिंग के पास, मिट्टी के ढेर में दबा मिला। मामले में आरोपी उसके ही दोस्त संजय (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 27 नवंबर की रात लगभग 12:10 बजे जाबेदा ने फोन कर कहा था कि वह एक दोस्त के साथ बाहर जा रही है और दो घंटे में लौट आएगी। लेकिन डेढ़ घंटे बाद जब शिकायतकर्ता ने उसे कॉल किया, तब उसका मोबाइल बंद मिला और वह घर वापस नहीं आई।

पुलिस में सेक्टर-17/18 थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जाबेदा असम के दारांग जिले के काकलबंगी-जोगियांव की निवासी थीं।

8 दिसंबर को सूचना मिली कि सेक्टर-29 स्थित पावरग्रिड बिल्डिंग के पास मिट्टी के ढेर में एक महिला का शव है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल, डॉग स्क्वॉड व सीन ऑफ क्राइम टीम की मदद ली और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। जांच में शव की पहचान लापता महिला जाबेदा खातून के रूप में हुई। हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की।

पुलिस ने उसी दिन आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया। वह राजस्थान के कोटपुतली जिले के कल्याणपुर का रहने वाला है और गुरुग्राम में एसी रिपेयर का काम करता था। पूछताछ में उसने बताया कि 26/27 नवंबर की रात वह जाबेदा को अपने कमरे पर लाया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी उसे बाइक पर पावरग्रिड बिल्डिंग के पास सुनसान जगह ले गया और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को मिट्टी में दबा कर छुपा दिया।

पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे विवाद का कारण क्या था और क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!