पश्चिम बंगाल जीत पर कैथल में BJP का जश्न: लड्डू बांटे, MLA जांबा बोले- TMC का गुंडाराज खत्म

कैथल में BJP कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में पार्टी की जीत पर जोरदार जश्न मनाया। पार्टी कार्यालय में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। एक-दूसरे का मुंह मीठा कराते हुए कार्यकर्ताओं ने जीत का उत्साह मनाया।
जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि BJP की विचारधारा और कामों पर भरोसा जताते हुए जनता ने पार्टी को समर्थन दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि पहले से ही विश्वास था कि इस बार पश्चिम बंगाल में BJP को जीत मिलेगी।
कैथल नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से हिंसा और गुंडागर्दी की राजनीति चल रही थी, जिसे अब जनता ने खत्म कर दिया है। उन्होंने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कार्यकर्ताओं की मेहनत को इसका श्रेय दिया।
वहीं पूंडरी से BJP विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि इस जीत से देश की नींव और मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में TMC का गुंडाराज अब खत्म हो गया है और यह बदलाव कार्यकर्ताओं की मेहनत से संभव हुआ है।




