loader image

रोहतक में शादी के 8 महीने बाद विवाहिता की मौत! पानी की टंकी में मिला शव, दहेज के लिए हत्या का आरोप

चेतना झज्जर के माछरौली गांव की रहने वाली थी।-फाइल - Dainik Bhaskar

चेतना झज्जर के माछरौली गांव की रहने वाली थी।-फाइल

रोहतक में 22 वर्षीय विवाहिता का शव ससुराल की छत पर रखी प्लास्टिक की पानी की टंकी में मिला। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और कार की मांग पूरी न होने पर हत्या कर शव पानी की टंकी में डालने का आरोप लगाया है।

परिवार का आरोप है कि बेटी के ससुराल की तरफ से पहले फोन कर कहा गया कि वह कहीं गायब हो गई है। एक घंटे बाद सूचना दी कि उसका शव पानी की टंकी में मिला है। मायके पक्ष ने पति, सास और ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है। सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

मौके की तीन तस्वीरें देखिए..

पानी की टंकी के अंदर पड़ा चेतना का शव।
पानी की टंकी के अंदर पड़ा चेतना का शव।
पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवती का शव टंकी से बाहर निकाला।
पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवती का शव टंकी से बाहर निकाला।
पिता ने आरोप लगाया कि टंकी में 2.4 फीट तक पानी था।
पिता ने आरोप लगाया कि टंकी में 2.4 फीट तक पानी था।

झज्जर के माछरौली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने दिसंबर 2025 में अपनी बेटी चेतना (22) की शादी रोहतक की नेहरू कॉलोनी निवासी मनीष से की थी। मनीष सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए चेतना को प्रताड़ित कर रहे थे। मामले को लेकर दो-तीन बार घरेलू स्तर पर पंचायत भी हुई, जिसमें ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया गया।

वीरेंद्र ने बताया कि उन्होंने कई बार चेतना के ससुराल जाकर परिवार के लोगों से बात की और हाथ-पैर जोड़कर बेटी को परेशान न करने की अपील की। आरोप है कि चेतना का पति मनीष कार देने की मांग कर रहा था। 15 अगस्त को भी वह बेटी की ससुराल गया था और परिवार के लोगों को समझाकर वापस आया। वह चेतना को अपने साथ घर ले जाना चाहता था, लेकिन ससुराल वालों ने उसे भेजने से मना कर दिया। इस दौरान उसके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और चेतना को धमकाया गया।

वीरेंद्र ने बताया कि 16 अगस्त की रात करीब 10 बजे चेतना के ससुराल वालों ने फोन कर बताया कि वह कहीं चली गई है और उसका कुछ पता नहीं चल रहा। सूचना मिलने के बाद वह रात में चेतना की ससुराल पहुंचा। उसने अपने साढ़ू कुलदीप राठी के साथ मिलकर चेतना की तलाश शुरू की। इसके साथ ही पुलिस को उसकी गुमशुदगी की शिकायत दी गई।

वीरेंद्र ने बताया कि चेतना की तलाश के दौरान रात 11 बजे के बाद ससुराल वालों ने बताया कि उसका शव पानी की टंकी में पड़ा है। छत पर रखी प्लास्टिक की टंकी में करीब 2.4 फीट पानी था और उसी में चेतना का शव मिला। चेतना की हत्या कर शव को पानी की टंकी में डाला गया है। उन्होंने पति मनीष, ससुर राजेंद्र और सास शीला देवी पर हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि दहेज के लिए बेटी की हत्या की गई और ससुराल वालों ने उन्हें व पुलिस को भी गुमराह किया।

PGI में पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर मौजूद चेतना के परिवार के लोग।
PGI में पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर मौजूद चेतना के परिवार के लोग।

सिटी थाना के जांच अधिकारी ASI संजीत सिंह ने बताया कि उन्हें एक विवाहिता का शव पानी की टंकी में पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी की टंकी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं, मायके पक्ष की शिकायत पर ससुराल पक्ष के ऊपर केस दर्ज कर लिया है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!