कैथल में 10वीं की छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी पर POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज

कैथल में 10वीं की छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी पर केस दर्ज
कैथल शहर की एक कॉलोनी में 10वीं की छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी पिछले करीब 8 महीने से कई बार उसके साथ दुष्कर्म कर चुका है। जब भी छात्रा इसका विरोध करती, तो आरोपी उसके साथ मारपीट करता और धमकी देता था कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा।
परिवार को बताई आपबीती
लड़की ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर यह बात अपने परिवार वालों को बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर शहर थाना पहुंचे। पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म संबंधी अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
स्कूल में हुई थी पहचान
लड़की ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पहले चीका के एक स्कूल में पढ़ती थी। फरवरी में उसकी पहचान एक लड़के से हुई और दोनों में बातचीत शुरू हो गई। जब वह एक दिन घर पर अकेली थी तो आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया।
बाद में आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो जान से मार देगा। इसके बाद आरोपी कई बार उसके घर आया और उसे मारपीट कर दुष्कर्म का शिकार बनाया। परेशान होकर छात्रा ने अंततः पुलिस को शिकायत दी।
मामले की जांच कर रही पुलिस
शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि पुलिस के पास इस संबंध में शिकायत दर्ज हुई है। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




