loader image
Friday, February 20, 2026

हिसार में MBBS एडमिशन के नाम पर 25 लाख की ठगी, काउंसलर समेत दो पर केस दर्ज

हरियाणा के हिसार जिले से MBBS में एडमिशन दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। नारनौंद क्षेत्र के गांव राखी खास निवासी एक परिवार से करीब 25 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

गांव राखी खास निवासी डॉ. सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी कृति का MBBS में दाखिला करवाने के लिए जींद के श्री धाम सोसायटी, सेक्टर-9 निवासी डॉ. कामनी आश्री (करियर प्रोवाइडर) की सेवाएं ली थीं। आरोप है कि कामनी आश्री ने नेपाल के देवधा मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का भरोसा दिलाया।

बताया गया कि पूरे कोर्स की फीस 60 लाख 51 हजार 500 रुपये बताई गई थी। इसमें से 25 लाख 18 हजार रुपये 15 किस्तों में और 5 लाख रुपये सर्विस चार्ज के रूप में मांगे गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 30 जून 2025 को 10 लाख रुपये और 1 जुलाई 2025 को 4.50 लाख रुपये RTGS के माध्यम से ट्रांसफर किए गए। शेष राशि गूगल पे के जरिए दी गई। कुल मिलाकर लगभग 25 लाख रुपये आरोपी महिला को दिए गए। साथ ही बेटी के शैक्षणिक मूल दस्तावेज भी सौंपे गए।

काउंसलर ने सीट बुकिंग और अन्य दस्तावेज दिखाकर परिवार को भरोसा दिलाया। लेकिन बाद में नेपाल के संबंधित कॉलेज से जानकारी लेने पर पता चला कि छात्रा का एडमिशन हुआ ही नहीं है। जब आरोपी से संपर्क किया गया तो वह टालमटोल करती रही।

9 फरवरी को स्पष्ट रूप से बताया गया कि एडमिशन नहीं हुआ है। इसके बाद जब परिवार ने पैसे वापस मांगे तो कोई ठोस जवाब नहीं मिला।

आरोप है कि 11 फरवरी को फोन करने पर कामनी आश्री ने कॉल नवीन नामक युवक को दे दिया। नवीन ने कथित तौर पर अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया और परिवार को जान से मारने तथा घर से उठाने की धमकी दी। पुलिस जांच में नवीन शर्मा गांव सुलचानी का निवासी बताया गया है।

नारनौंद थाना पुलिस ने काउंसलर समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!