जींद कॉलेज की छात्रा बनी एक दिन की थाना प्रभारी:फरियादियों की सुनी समस्याएं; सुरक्षा तंत्र को करीब से समझा, बोलीं- पुलिस हमारी मित्र
जींद में प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी महिला कॉलेज की छात्रा ओजशी को आज एक दिन के लिए महिला थाना जींद का प्रभारी नियुक्त किया गया। महिला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मोनिका की देखरेख में ओजशी ने थाने की पूरी कार्यप्रणाली का अनुभव लिया।
थाना प्रभारी की कुर्सी संभालते ही छात्रा ओजशी ने पुलिस की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। उन्होंने थाने में आए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना। शिकायतों को सुनने के बाद उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को इन मामलों के त्वरित और उचित समाधान के निर्देश भी दिए।
उन्हें बताया गया कि घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, साइबर अपराध, और ऑनलाइन ठगी जैसे संवेदनशील मामलों में पुलिस किस प्रक्रिया के तहत और कितनी तत्परता से कार्रवाई करती है।

सुरक्षा तंत्र से परिचय: युवाओं को न्याय व्यवस्था और पुलिस के सुरक्षा चक्र से रूबरू करवाना।
भय को खत्म करना: छात्राओं के मन से पुलिस का डर निकालकर उन्हें जागरूक बनाना।
आत्मविश्वास: महिलाओं को यह संदेश देना कि वे खुद भी कानून और व्यवस्था का हिस्सा बनकर समाज की सेवा कर सकती हैं।
छात्रा का संदेश- पुलिस आपकी मित्र और संरक्षक है…

पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि वह समाज की संरक्षक और हमारी सहयोगी है। मैं सभी छात्राओं और अभिभावकों से अपील करती हूँ कि किसी भी समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में डरे नहीं, बल्कि निडर होकर पुलिस से संपर्क करें।

SHO बोलीं- छात्राओं को प्ररेणा मिलती है
महिला थाना प्रभारी मोनिका ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्राओं को भविष्य के लिए प्रेरणा मिलती है और समाज में पुलिस की छवि एक ‘सहयोगी’ के रूप में निखरती है।




