loader image
Latest:
Saturday, September 26, 2026

हरियाणा की 3 नगर निगमों के लिए BJP ने उतारे प्रत्याशी…पंचकूला से श्यामलाल, सोनीपत से राजीव जैन

खास बात ये है कि हरियाणा नगर निगम चुनाव के लिए BJP ने दो वैश्य समुदाय और एक सैनी समुदाय से प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। राजीव जैन और श्यामलाल दोनों ही वैश्य समुदाय से आते हैं। दोनों लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं। वहीं, अक्षिता सैनी के परिवार का जुड़ाव आरएसएस से रहा है। उनके पिता व भाजपा नेता पत्नी के लिए टिकट मांग रहे थे, लेकिन पार्टी ने उनकी बेटी पर भरोसा जताया है।

हालांकि कांग्रेस ने पंजाबी, सैनी और ब्राह्मण का समीकरण बनाया है। कांग्रेस की लिस्ट में सोनीपत नगर निगम के लिए कमल दीवान, अंबाला मेयर के लिए कुलविंद्र कौर, जबकि, पंचकूला नगर निगम सीट के लिए सुधा भारद्वाज को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

उधर, आम आदमी पार्टी भी नगर निकाय चुनाव के मैदान में कूद पड़ी है। पार्टी ने सोनीपत में मेयर पद के प्रत्याशी के लिए सत्यावीर सिंह के नाम की घोषण की है।

बीजेपी हरियाणा की ओर से जारी किया गया पत्र…

भाजपा की ओर से घोषित प्रत्याशी श्यामलाल बंसल (70) तीन बार कालका सीट से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, वह जीत नहीं सके। उनके परिवार ने 1970 में पुराने पंचकूला में किराना स्टोर शुरू किया।

बाद में, उन्होंने स्टोन क्रशर का व्यवसाय शुरू किया, जिसके कारण कई सरकारी अनुबंध हुए। यहां तक ​​कि उन्होंने मध्य प्रदेश में एक हवाई अड्डे के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

युवावस्था के शुरुआती वर्षों से संघ से जुड़ा रहा हूं और फिर भाजपा के जिला संगठन में विभिन्न पदों पर काम किया है। दो बार जिला अध्यक्ष रहे हैं।

पंचकूला में श्यामलाल बसंल के भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद उनके परिजन लड्डू खिलाते हुए।
पंचकूला में श्यामलाल बसंल के भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद उनके परिजन लड्डू खिलाते हुए।

हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले राजीव जैन निगम मेयर उपचुनाव में मेयर बने थे और इस बार दोबारा फिर भाजपा ने उन्हें अपना कैंडिडेट बनाया है। राजीव जैन हरियाणा सरकार में सरकार के पूर्व मीडिया सलाहकार रहे है। कैबिनेट मंत्री और दो बार की विधायक रही कविता जैन के पति हैं।

राजीव जैन का जन्म सोनीपत में 12 फरवरी 1964 को हुआ था। उन्होंने राजनीति के अलावा पत्रकारिता जगत में भी 1986 से लेकर 1993 तक काम किया है। उन्होंने बीकॉम तक अपनी पढ़ाई की है। साल 2005 में, उन्होंने एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में आम विधानसभा चुनाव लड़ा और 30 हजार वोटों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। बाद में एचवीपी का कांग्रेस में विलय हो गया था।

इसके बाद राजीव जैन ने साल 2007 में बीजेपी की सदस्यता ली। उसके बाद भाजपा से कभी चुनाव नहीं लडा। अब पहली बार भाजपा से सोनीपत मेयर उपचुनाव का इलैक्शन लड़ेंगे।

जानकारी के अनुसार, अंबाला सिटी नगर निगम में मेयर पद के लिए पिता स्वर्ण सैनी अंबाला शहर मंडल के उपाध्यक्ष स्वर्ण सैनी ने अपनी पत्नी के लिए टिकट मांगा था। मगर, पार्टी ने उनकी बेटी अक्षिता सैनी को टिकट दिया। अक्षिता सैनी 32 साल की हैं और 7 साल की बेटी की मां हैं। उनके पति कुलदीप सैनी गुजरात के जामनगर में टीचर हैं।

बताया जा रहा है कि परिवार का आरएसएस से पुराना जुड़ाव रहा है। स्वर्ण सैनी पहले बीजेपी में महामंत्री रह चुके हैं।

सोनीपत से भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन को टिकट मिलने के बाद उनके परिजन मोबाइल पर बधाई देते हुए।

सोनीपत नगर निगम मेयर चुनाव का टिकट मिलने के बाद राजीव जैन ने सबसे पहले दैनिक भास्कर के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की। कहा कि पार्टी हाई कमान, सीएम नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली और चुनाव समिति सदस्यों का मुझे दोबारा सोनीपत नगर निगम मेयर पद का प्रत्याशी बनाने के लिए आभार जताता हूं।

उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों पर चलकर ही समाज और शहर की सेवा करने का काम करूंगा। 10 महीने में उन्होंने पूरी तन्मता के साथ शहर के विकास पूरा करने के लिए पूरी लगन से काम किया है और यह उसी का नतीजा है कि पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है।

एक बार फिर कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान के सामने होने पर उन्होंने कहा कि चुनाव तो चुनाव होता है। मेरा यह विश्वास है कि जनता ने पहले भी आशीर्वाद दिया है और इस चुनाव में भी जनता भरपूर आशीर्वाद देगी।

यहां कांग्रेस के मेयर उम्मीदवारों के बारे में जानिए…

हरियाणा में निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने सोनीपत में शहरी जिला अध्यक्ष कमल दीवान को टिकट दिया है। कमल दीवान का जन्म 1973 में सोनीपत में हुआ। उन्होंने 11वीं तक पढ़ाई की है और वे पंजाबी हैं। वे दीवान चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं। उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़ा है।

उनके पिता स्व. देवराज दीवान विधायक रहे हैं। वे सोनीपत जिले में पार्टी के लिए काम करते थे। सोनीपत में लगभग 75 हजार पंजाबी वोटर हैं। अभी कमल दीवान कांग्रेस पार्टी के शहरी जिला अध्यक्ष हैं। कमल दीवान को 2025 में हुए सोनीपत नगर निगम सीट पर हुए उपचुनाव में भी टिकट दिया गया था, लेकिन वह भाजपा उम्मीदवार राजीव जैन से हार गए थे।

अंबाला नगर निगम में कांग्रेस की मेयर उम्मीदवार कुलविंदर कौर सैनी समाज से आती हैं। उनके पति कृपाल सिंह कांग्रेस नेता हैं और सेना से रिटायर्ड हैं। कृपाल सिंह शहर में प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं और समाज सेवा में भी सक्रिय हैं। अंबाला नगर निगम में मेयर की सीट BC कैंडिडेट के लिए रिजर्व होने के बाद कृपाल सिंह सक्रिय हुए और मेयर पद के लिए पत्नी का आवेदन कराया था। इसके बाद पार्टी हाईकमान ने कुलविंदर कौन पर भरोसा जताया।

पंचकूला में मेयर पद के लिए कांग्रेस की महिला विंग की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद कुमारी सैलजा की करीबी सुधा भारद्वाज को टिकट दिया गया है। सुधा भारद्वाज कांग्रेस नेता संजीव भारद्वाज की पत्नी हैं, जो फिलहाल प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी हैं।

पंचकूला में पार्टी के पास मुख्य तौर 2 ही नाम थे। इनमें पंजाबी समाज से आने वाले पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र रावल और ब्राह्मण समाज से सुधा भारद्वाज शामिल हैं। पंजाबी समाज के वोटरों की संख्या करीब 50 हजार और ब्राह्मण समाज के वोट करीब 15 हजार हैं।

CLP लीडर ने रविंद्र रावल के नाम का प्रस्ताव रखा था, लेकिन हाल ही में अनुशासन समिति के द्वारा जारी शोकॉज नोटिस के कारण उनके नाम पर सहमति नहीं बनी।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!