रोहतक में DC को लेकर भड़के विधायक अर्जुन चौटाला, बोले- मरोड़ हो रही है तो निकालकर जाएंगे
रोहतक में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ इंडियन नेशनल लोकदल के विधायक अर्जुन चौटाला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता डीसी ऑफिस पहुंचे। डीसी के न आने पर MLA अर्जुन चौटाला ने चेतावनी भी दी, लेकिन डीसी ज्ञापन लेने नहीं आए।
इंडियन नेशनल लोकदल के विधायक अर्जुन चौटाला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मानसरोवर पार्क से लेकर डीसी ऑफिस तक प्रदर्शन किया। जब कार्यकर्ता डीसी ऑफिस आए तो पुलिस ने गेट को बंद कर दिया। ऐसे में कार्यकर्ता सड़क पर खड़े रहे। करीब 15 मिनट तक पुलिस व विधायक अर्जुन चौटाला के बीच बहस होती रही।

पुलिस द्वारा रोके जाने पर सीटीएम शुभम ज्ञापन लेने गेट पर पहुंचे, लेकिन इनेलो कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन देने से इनकार कर दिया और गेट पर चढ़ गए। वहीं, एसडीएम आशीष भी ज्ञापन लेने आए, लेकिन कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन नहीं दिया। तभी सीटीएम के कहने पर गेट को खोला गया और सभी प्रदर्शनकारी अंदर आ गए।

विधायक अर्जुन चौटाला जब ज्ञापन देने के लिए डीसी के पास जाने लगे, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। ऐसे में विधायक अर्जुन चौटाला गेट पर ही धरना देकर बैठ गए। साथ ही कहा कि डीसी ऑफिस के दोनों गेट ब्लॉक कर दें, डीसी को भी बाहर निकलने नहीं देंगे।

विधायक अर्जुन चौटाला ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ डीसी सचिन गुप्ता से मिलने के लिए सीढ़िया चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद दोपहर एक बजे तक विधायक अपने कार्यकर्ताओं के साथ वहीं धरना देकर बैठ गए और नारेबाजी करते रहे।

विधायक अर्जुन चौटाला दोपहर 1 बजे दोबारा डीसी से मिलने के लिए ऊपर चढ़ने लगे तो पुलिस कर्मियों के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हो गई। पुलिस ने विधायक को ऊपर जाने नहीं दिया, जिसके कारण कार्यकर्ताओं में रोष बढ़ गया। वहीं पुलिस ने महिला कर्मियों को आगे कर दिया, ताकि इनेलो कार्यकर्ता ऊपर चढ़ने का प्रयास ना करें।

विधायक अर्जुन चौटाला को जब डीसी से मिलने नहीं दिया तो कार्यकर्ताओं ने रोड जाम कर दिया। विधायक अर्जुन चौटाला खुद कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर बैठ गए और रास्ते के बीच ट्रैक्टर अड़ाकर जाम लगा दिया। जाम लगने के कारण गाड़ियों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई, जिसके बाद पुलिस ने गाड़ियों को दूसरे रास्ते से निकालते हुए रूट को डायवर्ट किया।

इनेलो के जिलाध्यक्ष नफे सिंह लाहली ने कहा कि डीसी को पहले ही प्रदर्शन के बारे में जानकारी दे दी थी। सीआईडी को भी चेतावनी दी थी कि गेट को पहले ही खोल दे वरना ठोकर मारकर गेट खोलेंगे और अंदर जाएंगे। बावजूद इसके प्रशासन का रवैया सही नहीं है। डीसी ज्ञापन लेने नहीं आया, जिससे भाजपा सरकार की कार्यशैली का पता चल रहा है।








