पंचकूला में बड़ा पुलिस एक्शन: व्यापारी हत्याकांड के बाद 47 पुलिसकर्मियों के तबादले, SHO सस्पेंड

हरियाणा के पंचकूला पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पिंजौर के मुख्य बाजार में व्यापारी जितेश मनोचा हत्याकांड के बाद पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए 47 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले कर दिए हैं। साथ ही पिंजौर थाना के SHO इंस्पेक्टर बच्चू सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता द्वारा जारी आदेशों के अनुसार इंस्पेक्टर से लेकर हेड कांस्टेबल स्तर तक अधिकारियों और कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के बड़े एक्शन के रूप में देखा जा रहा है।
तीन थाना प्रभारियों में बदलाव
फेरबदल के तहत इंस्पेक्टर राजेश कुमार को सेक्टर-7 थाना प्रभारी से पिंजौर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं इंस्पेक्टर राजबीर सिंह को पुलिस लाइन से सेक्टर-7 थाना प्रभारी बनाया गया है। इंस्पेक्टर मनसा राम को कालका थाना से वेलफेयर इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा कई एसआई, पीएसआई और एएसआई स्तर के अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। पुलिस लाइन में तैनात अनेक हेड कांस्टेबलों को विभिन्न थानों, चौकियों, साइबर सेल, क्राइम स्टाफ, एंटी नारकोटिक्स सेल और अन्य इकाइयों में नई तैनाती दी गई है।
व्यापारी हत्याकांड के बाद सख्त कार्रवाई
पिंजौर के मुख्य बाजार में कपड़ा व्यापारी जितेश मनोचा उर्फ किट्टू की दिनदहाड़े हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने वारदात के महज तीन घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ मनी, रोहित मेहता उर्फ विक्की, मनीष कुमार और खुशदीप सिंह उर्फ दीपी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का सीन रीक्रिएट करवाया और निशानदेही करवाई।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक जितेश मनोचा और आरोपी खुशदीप सिंह के बीच करीब एक माह पहले पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। उस समय दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई थी और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। हालांकि बाद में समझौता हो गया था, लेकिन आरोपी ने रंजिश रखते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार, आरोपियों ने जितेश मनोचा को गाड़ी से बाहर खींचकर डंडों, लाठियों और अन्य हथियारों से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
SHO निलंबित, पूरे जिले में फेरबदल
व्यापारी की हत्या के बाद कानून व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पिंजौर थाना के SHO इंस्पेक्टर बच्चू सिंह को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही पिंजौर थाना सहित जिलेभर के विभिन्न पुलिस थानों और चौकियों में बड़े स्तर पर तबादले किए गए।
जनता का भरोसा मजबूत करना लक्ष्य
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस विभाग में किए गए ये बदलाव व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम हैं।





