loader image
Latest:
Friday, June 26, 2026

कैथल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: 2 सगे भाइयों के पैरों में लगी गोली, करोड़ों की चोरी के आरोपी गिरफ्तार

 

कैथल ( Sahil Kasoon ) पुलिस ने अल सुबह करीब 4:00 बजे मुठभेड़ में दो भाइयों का एनकाउंटर कर दिया। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। वे चीका में करोड़ों रुपए चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे। पुलिस के पास जैसे ही सूचना पहुंची कि दोनों बदमाश आज कैथल में हैं तो टीम उनके पीछे लग गई।

आरोपियों ने भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चला दी, जो दोनों बदमाशों के पैरों में लगी और उन्हें दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी सोहन सिंह और धर्मबीर, निवासी मौड़ मंडी, जिला बठिंडा (पंजाब), दोनों 5-5 हजार का इनामी बदमाश हैं। दोनों सगे भाई हैं और एक करोड से ज्यादा रुपए की चोरी के मामले में वांछित थे।

एनकाउंटर के बाद घायल बदमशों को लेकर जाती पुलिस।
एनकाउंटर के बाद घायल बदमशों को लेकर जाती पुलिस।

स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस कर्मचारियों की टीम अपराधियों की तलाश एवं गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि 9 जून को कस्बा चीका में हुई लाखों रुपए की चोरी में शामिल 2 शातिर अपराधी होंडा WR-V कार में पुंडरी क्षेत्र में घूम रहे हैं तथा किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया। आरोपी वाहन को तेज गति से भगाकर भागने लगे। पीछा करने पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस पर अवैध पिस्तौलों से जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

मौके पर जांच पड़ताल करती पुलिस।
मौके पर जांच पड़ताल करती पुलिस।

पुलिस टीम ने पहले आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी तथा हवाई फायर किए। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा लगातार पुलिस पर फायरिंग जारी रखने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें धर्मबीर के बाएं पैर तथा सोहन सिंह के दाएं पैर में गोली लगी। दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया गया। घायलों को सरकारी अस्पताल भेजा गया। मौके से दो अवैध 32 बोर देसी पिस्तौल और इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद किया है।

प्रारंभिक पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी 9 जून को कस्बा चीका के हुड्डा सेक्टर में हुई बड़ी चोरी की वारदात में भी शामिल थे। इस संबंध में आगे की जांच जारी है। पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप तहत थाना पूंडरी में केस दर्ज किया गया। मामले की गहन जांच जारी है तथा आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Sahil Kasoon

The Air News (Writer/Editer)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!