हरिद्वार जा रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: सड़क हादसे में दंपती समेत 4 की मौत, 3 घायल
हरियाणा (Sahil Kas00n ) बहादुरगढ़ के एक ही परिवार के चार लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार को परिवार हरिद्वार स्नान के लिए जा रहा था। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में देहरादून–पंचकूला हाईवे पर उनकी कार को पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार पलट गई।
मृतकों में एक दंपती और दादी-पोता शामिल हैं। इनके ही परिवार के 3 लोग घायल हैं। बाेलेरो सवार को भी चोटें आई हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
एक्सीडेंट से जुड़ी तस्वीरें…




सोनीपत के मंडोरा गांव निवासी चरण सिंह का परिवार 10 साल पहले बहादुरगढ़ शिफ्ट हो गया था। इनके दो बेटे हैं। दोनों ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं और खरखौदा क्षेत्र में उनका एक भट्ठा भी है। शुक्रवार को चरण सिंह का बेटा जयदेव, जयदेव की पत्नी प्रीति, इनकी बेटी भूमि (3), बेटा शिवांश (9), मां सुदेश (71), जयदेव का चचेरा भाई प्रवीण (40) और उसकी पत्नी प्रीति (37) टियागो कार में सवार होकर हरिद्वार जा रहे थे।

उनके ही परिवार के 6 लोग मीनाक्षी, सत्यदेव, रितिक, जाह्नवी निखिल व नैना दूसरी वैगनआर कार में सवार थे। देहरादून–पंचकूला हाईवे पर पीछे से तेज रफ्तार में आई एक बोलेरो कार ने जयदेव की टियागो कार को टक्कर मार दी। जिसमें जयदेव का बैलेंस बिगड़ गया और कार पलट गई। हादसे में घायल जयदेव ने दूसरी कार में सवार सत्यदेव को फोन कर घटना की सूचना दी।
कुछ ही देर में वे मौके पर पहुंच गए। पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद सभी घायलों को सहारनपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुदेश, शिवांश, प्रवीण और उसकी पत्नी प्रीति को मृत घोषित कर दिया। जयदेव, उनकी पत्नी प्रीति और तीन वर्षीय बेटी भूमि का इलाज चल रहा है। हादसे में बाेलेरो सवार मेरठ निवासी प्रवीण भी घायल हुआ।




