कैथल में वॉशिंग मशीन के पास छात्रा को सांप ने डंसा, इलाज के दौरान मौत; अस्पताल में परिजनों का हंगामा
हरियाणा ( Sahil Kasoon) कैथल में भाजपा विधायक सतपाल जांबा के पैतृक गांव जांबा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां कॉमन करैत सांप ने वॉशिंग मशीन में कपड़े सूखा रही 15 वर्षीय छात्रा को डस लिया। इसका पता चलते ही परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे
मगर, इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। इससे परिवार के लोग भड़क गए। उन्होंने इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पूंडरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
मृतका की पहचान वंदना पुत्री राजकुमार के रूप में हुई। उसके दो भाई और एक बहन हैं। उसके पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मृतका के पिता राजकुमार ने बताया कि उनकी बेटी वंदना गांव के स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा थी। शुक्रवार रात करीब 12 बजे वॉशिंग मशीन में कपड़े धोए थे। सुबह स्कूल जाना था, इसलिए वह कपड़े सुखाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान मशीन के नीचे छिपे कॉमन करैत सांप ने उसके पैर पर डंस लिया।
सांप के काटने का पता चलते ही परिजन उसे करीब पांच मिनट के भीतर पूंडरी स्थित ओम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। शनिवार को इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए चिकित्सकों पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए।
परिजनों का आरोप है कि रातभर इलाज के दौरान छात्रा की हालत सामान्य बनी रही, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए समय पर किसी बड़े अस्पताल के लिए रेफर नहीं किया। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार डॉक्टरों से रेफर करने की मांग की, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।

उधर, अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर कुलदीप गौतम ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि छात्रा को रात में भर्ती होते ही सांप के जहर का पूरा उपचार और आवश्यक दवाइयां दी गई थीं।सुबह अचानक छात्रा की तबीयत गंभीर हो गई, जिसके बाद उसे तुरंत वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया।
डॉक्टर के अनुसार, गंभीर हालत में मरीज को बिना वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस के रेफर करना जोखिम भरा होता है। इससे रास्ते में मौत की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि मेडिकल टीम ने छात्रा को बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
पूंडरी चौकी प्रभारी ऋषि कुमार ने बताया कि अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। छात्रा के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




