भाखड़ा पाइपलाइन में अवैध ‘T’ लगाने का आरोपी सोमेश शर्मा गिरफ्तार, हांसी पुलिस ने रामायण टोल से दबोचा
हरियाणा ( Sahil Kasoon ) हांसी के निकटवर्ती गांव चैनत में भाखड़ा पाइपलाइन पर अवैध कनेक्शन (टी) लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी सोमेश शर्मा को रामायण टोल प्लाजा से अरेस्ट कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमेश शर्मा मंगलवार दोपहर कुछ साथियों के साथ दिल्ली जा रहा था, तभी उसे रामायण टोल प्लाजा पर रोका गया।
पुलिस फिलहाल सोमेश शर्मा से मामले को लेकर गहन पूछताछ कर रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
बता दें कि भाखड़ा पेयजल योजना से चर्चा में आया पूर्व सरपंच सोमेश कुमार खुद को भाजपा नेता बताता है। उसकी गृह मंत्री अमित शाह से लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिहं सहित कई वरिष्ठ बीजेपी नेताओं के साथ फोटो भी हैं। चैनत में धरना खत्म कराते वक्त भी उन्होंने कहा था कि मैं भाजपा से हूं।
उधर, हरियाणा सरकार में PWD मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा था- ये फ्रॉड आदमी है, सरकार का इससे लेना देना नहीं है।

गौरतलब है कि यह मामला 20 जून का है। गांव चैनत में चल रहे धरने के दौरान सोमेश शर्मा ने कथित तौर पर भाखड़ा पाइपलाइन पर ‘टी’ लगाई थी। दो दिन बाद, 22 जून को प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर इस अवैध कनेक्शन को हटवा दिया था।
इस मामले में पब्लिक हेल्थ विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव त्यागी ने शिकायत दर्ज कराई थी। सदर थाना पुलिस ने सोमेश शर्मा, धरना कमेटी के पदाधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही सोमेश शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर लगातार दबाव था।
भाजपा नेताओं के साथ सोमेश के PHOTOS….





कौन है सोमेश कुमार और धरने पर कैसे हुई एंट्री…
सोमेश मूलरूप से चरखी दादरी के गांव घीकाड़ा के रहने वाले हैं। सोमेस घीकाड़ा के सरपंच और हरियाणा सरपंच एसोसिएश के प्रधान भी रह चुके हैं। सोमेश ने पंचायती शामलात की जमीनों से अवैध कब्जे हटाने के लिए भी मुहिम छेड़ी थी। इसके बाद सरकार की तरफ से उन्हें सुरक्षा भी दी गई।
सोमेश ने सरपंच रहते हुए पराली न जलाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए हवाई जहाज की सवारी का इनाम भी घोषित किया था।
चनैत गांव में चल रहे धरनास्थल पर सोमेश कुमार ने 21 जून को कहा था कि सरकार ने गांव में पेयजल के लिए टी-पॉइंट देने की मांग स्वीकार कर ली है। आज ही टी-पॉइंट का काम शुरू हो जाएगा और उसे पाइपलाइन से जोड़ जिया जाएगा।
धरनास्थल पर इसका अनाउंटमेंट होने के बाद ग्रामीणों ने सोमेश को कंधे पर उठाकर खुशी मनाई थी। सोमेश ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री नायब सैनी जिंदाबाद के नारे भी लगवाए थे। सोमेश कुमार ने अपने हाथों से 5 बुजुर्गों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया था।
सोमेश कुमार के घोषणा करने के अगले ही दिन पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के एक्सईएन संजीव त्यागी ने स्पष्ट किया कि विभाग ने टी-पॉइंट की कोई अनुमति नहीं दी है। इस काम के लिए न तो विभाग से कोई स्वीकृति ली गई और न ही विभाग का कोई कर्मचारी इसमें शामिल था।
साथ ही इसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिस पर अब कार्रवाई हुई है।

क्या है चनैत पाइपलाइन विवाद…
बरवाला के राजली हेड से भाखड़ा का पानी हांसी शहर पाइपलाइन के जरिए पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पेयजल पाइपलाइन बरवाला के गांव राजली स्थित राजली भाखड़ा हेड से हांसी शहर तक बिछाई जा रही है। इस परियोजना पर करीब 80 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। यह काम सरकार की अमृत योजना के तहत हो रहा है, जिसका उद्देश्य हांसी शहर में पेयजल की कमी को दूर करना है।
करीब 30 किलोमीटर लंबी इस पाइपलाइन का निर्माण कार्य फिलहाल राजली से चनैत गांव तक पहुंच चुका है। पाइपलाइन को आगे हांसी तक ले जाने के लिए इसे चनैत गांव से होकर गुजरना है। हालांकि, ग्रामीणों की मांग है कि उनके गांव को भी इसी पाइपलाइन से पेयजल कनेक्शन दिया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि जब पाइपलाइन उनके गांव से होकर गुजर रही है तो उन्हें भी इसका लाभ मिलना चाहिए। वहीं, प्रशासन का तर्क है कि यह परियोजना विशेष रूप से हांसी शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाई गई है, इसलिए योजना के तहत गांव को इससे पानी उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।





