रोहतक में पिता ने 4 साल की बेटी को सड़क पर पटककर तोड़ा कंधा, VIDEO वायरल; मां बोली- ‘ये हमारा पर्सनल मैटर’
हरियाणा ( Sahil Kasoon) रोहतक की इंद्रा कॉलोनी में मंगलवार की रात इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां घरेलू कलह के चलते आपस में हो रही कहासुनी के बीच एक युवक ने अपना सारा गुस्सा सड़क पर खड़ी चार वर्षीय अपनी बेटी पर निकाल दिया।
युवक ने न सिर्फ बेटी को बेरहमी से थप्पड़ मारे, बल्कि उसे हवा में उठाकर सीधे सड़क पर पटक दिया। लहूलुहान हालत में बच्ची को उसकी मां ने संभाला और तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्ची के कंधे में फ्रैक्चर आया है। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिखाई रहा है कि व्यक्ति बेटी के साथ बेरहमी के साथ मारपीट कर रहा है।
उधर, वीडियो सामने आते ही रोहतक पुलिस की सीआईडी टीम आरोपी का पता लगाकर उसके घर पहुंची और मामले की जानकारी ली। मगर, पीड़ित लड़की की मां ने इसे पर्सनल मैटर बताकर कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। मगर, इतना जरूर बताया कि उसका परिवार यूपी के बरेली का रहने वाला है। यहां उसका पति प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है।
सड़क पर खड़ी बच्ची की पिटाई के कुछ PHOTOS…



स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह वीडियो इंद्रा कॉलोनी का है। घटनाक्रम रात का है। कॉलोनी में रहने वाले जितेंद्र के परिवार में घरेलू कलह चल रही थी। घर के लोगों के बीच आपस में तीखी कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि जितेंद्र गुस्से से तमतमाता हुआ बाहर आया और सड़क पर खड़ी अपनी चार साल की बेटी को मारना पीटना शुरू कर दिया।
गुस्से में आरोपी ने पहले बच्ची को ताबड़तोड़ दो-तीन थप्पड़ जड़ दिए। बच्ची कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसे दोनों हाथों से ऊपर उठाया और पूरी ताकत से पक्की सड़क पर नीचे पटक दिया। सड़क पर गिरने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
बच्ची को सड़क पर तड़पता देख वहां भागकर आई उसकी मां मौके पर पहुंची और बच्ची को अपनी गोद में उठाया। इसके बाद आनन-फानन उसे पीजीआई रोहतक के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसका तुरंत उपचार शुरू किया।

उधर, परिवार ने ट्रामा सेंटर में बच्ची को चोट लगने का कारण पूछा तो छत से गिरकर घायल होने की बात लिखवाई। डॉक्टर ने बताया कि बच्ची के कंधे में फ्रैक्चर है, जिसके बाद उसे कच्चा प्लाटर कर दिया गया। इसके बाद परिवार बच्ची को घर ले आया।

उधर, दोपहर तक ओल्ड सब्जीमंडी थाना पुलिस इस मामले की जानकारी होने से इनकार कर रही थी। मगर, जब वीडियो आला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस एक्टिव हुई। तुरंत ही सीआईडी टीम के दो जवान बच्ची को तलाश करते हुए उसके घर पहुंच गए और मामले की जानकारी ली।
मां पूजा ने बताया कि रात में उसका पति शराब पीकर आया था। उनका कोई घरेलू झगड़ा नहीं हुआ था। बेटी घर के बाहर खड़ी थी, जहां पति ने उसे जाकर पीट दिया। पूजा ने आगे कहा कि यह उनका पर्सनल मैटर है, इसलिए उन्होंने पुलिसकर्मियों से कोई भी कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया।




