शादी में समारोह गए हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पर हमला FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी… पुलिस खंगाल रही CCTV
हरियाणा ( Sahil Kasoon ) जींद में चचेरी बहन की शादी में पहुंचे हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के साथ कुछ युवक भिड़ गए। आरोप है कि स्टेज पर फोटो खिंचवाने को लेकर दूल्हा पक्ष के युवकों ने पहले उनसे बहस की, फिर पिस्टल दिखाकर धमकाया।
तभी युवक मासूम से मारपीट भी करने वाले थे, लेकिन सिक्योरिटी में तैनात पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव किया। विवाद बढ़ता देख मासूम शर्मा जान बचाकर वहां से निकल गए। जबकि आरोपियों ने उनके भतीजे की पकड़कर पिटाई कर दी और जाते-जाते मासूम को तीन दिन में जान से मारने की धमकी भी दी।
मासूम के भाई विकास की शिकायत के बाद पुलिस जांच के लिए पहुंची। इसके बाद पुलिस ने मासूम शर्मा को नोटिस भेजकर पेश होने और घटना से जुड़े फोटो-वीडियो उपलब्ध कराने को कहा है। एसपी कुलदीप सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, 6 मई को जुलाना के अग्रसेन धर्मशाला में सिंगर मासूम शर्मा अपनी चचेरी बहन प्रिया की शादी में पहुंचे थे। इसमें मासूम शर्मा के चाचा राजेश शर्मा ने गांव से परिवार के करीबियों को ही बुलाया गया था। हिसार से बारात आई हुई थी।
बारात आने के कुछ देर बाद स्टेज पर वरमाला कार्यक्रम होना था। तब मासूम शर्मा भी अपनी बहन से मिलने पहुंचे और फोटो खिंचवाने के लिए कहा। उसी समय दुल्हा पक्ष से बारात में कुछ युवकों ने फोटो जल्दी खिंचवाने वाली बात पर मासूम शर्मा पर कमेंट कस दिया। पहले मासूम चुप रहा, पर वे युवक लगातार कमेंट करने लगे। इसके बाद मासूम की उनसे बहस हो गई।
बहस बढ़ने के बाद युवकों ने मासूम शर्मा को पिस्टल दिखाई और जान से मारने की धमकी दी। तभी सिक्योटी में तैनात पुलिसकर्मी ने बीच-बचाव किया और मासूम शर्मा को वहां से निकाला। युवकों ने तभी साथ मौजूद मासूम के भतीजे (बड़े भाई के बेटे) को पीट दिया।
कुछ देर बाद पुलिस आ पहुंची। सूत्रों के अनुसार, बारात में आए झगड़ा करने वाले युवकों के पास अवैध हथियार थे, जिनको उन्होंने पुलिस आने तक धर्मशाला के किसी कमरे में छिपा दिया। कुछ युवक वहां से भाग गए, तो कुछ को पुलिस ने पकड़कर पूछताछ की। अभी पुलिस ने हथियार मिलने का खुलासा नहीं किया है।
पुलिस की ओर से धर्मशाला मैनेजर को भी चेतावनी दी गई है कि धर्मशाला में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज किसी को न दी जाए। पुलिस की जांच में शामिल कर ये फोटोज अपने कब्जे में लेगी। इस पर धर्मशाला मैनेजर नरेश शर्मा चुप्पी साधे हुए हैं।

मासूम के भाई और बीजेपी नेता विकास शर्मा ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 मई की रात अग्रसेन धर्मशाला में चाचा की बेटी प्रिया की शादी के दौरान उनके छोटे भाई व हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा बहन से मिलने गए थे।
पास के कमरे में दूल्हा पक्ष के कुछ युवक शराब पी रहे थे और उनके पास हथियार थे। उन्होंने मासूम को गाली देते हुए बुलाया और विवाद के दौरान हथियार निकाल लिए। स्थिति बिगड़ने पर मासूम अपनी जान बचाकर वहां से भाग गए, जबकि आरोपी उनका पीछा करते रहे।
शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव के दौरान आरोपियों ने विकास शर्मा के बेटे लक्ष्य शर्मा को पकड़कर पीट दिया। आरोप है कि कार्तिक नाम के एक युवक ने मासूम शर्मा को तीन दिन के भीतर जान से मारने की धमकी दी। विकास शर्मा ने आरोपी के किसी बड़े गैंग से संबंध होने की आशंका जताई है।

दरअसल, प्रिया की शादी हिसार के रहने वाले सुशांत शर्मा से हुई है। सुशांत सिंह सातरोड के रहने वाला हैं। मासूम के चाचा राजेश साधारण परिवार है और दोनों का घर भी पास-पास है। 6 तारीख को सुबह गांव का भोजन कार्यक्रम रखा था और बारात स्वागत कार्यक्रम धर्मशाला में रखा था। शादी में मासूम शर्मा की बड़ी बहन और बहनोई धरमू भी गए हुए थे।
मासूम शर्मा के बड़े भाई विकास शर्मा ने दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में बताया, जो युवक थे, वो हिसार से आई बारात में आए थे। युवकों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पता लगा रही है। इसकी फुटेज पुलिस के पास ही हैं, वे फोटो नहीं ले पाए। मैं अभी इस समय कहीं बाहर हूं।
विकास शर्मा पिछले कुछ दिनों से बीजेपी में सक्रिय है और मुख्यमंत्री व मंत्री से लेकर बीजेपी विधायकों के साथ अक्सर किसी न किसी कार्यक्रम में देखने को मिलते हैं। हाल ही में भाजपा की नई प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता का स्वागत करने भी गए थे।

जींद एसपी कुलदीप सिंह का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच जारी है। मासूम शर्मा के साथ शादी में किसी के साथ झगड़ा हुआ है, उसका पता लगा रहे हैं। धर्मशाला में सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान कर जल्द पकड़ा जाएगा।




