करनाल में ₹10 हजार रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार! जमीन विवाद में मांगी थी ₹20 हजार की घूस
फिलहाल, एसीबी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी दो महीने पहले ही एचसी (हेड कांस्टेबल) से एएसआई के पद पर प्रमोट हुआ था।

रिंडल गांव के शिकायतकर्ता ऋषिपाल ने बताया कि उनके गांव में जमीन के रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दी थी और मौके पर जांच की मांग की थी, लेकिन संबंधित सब इंस्पेक्टर ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद गांव के लोगों के दबाव में 20 हजार रुपए में समझौता कराया गया, हालांकि पहले 50 हजार की डिमांड की गई थी।

ऋषिपाल के अनुसार, 10 हजार रुपए एक दिन पहले और 10 हजार रुपए आज दिए गए। दोनों ही बार पैसे थाने के रसोईघर में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर अनुज को दिए गए। आरोपी लगातार मामले को टाल रहा था और कोई कार्रवाई नहीं कर रहा था।

जब शिकायतकर्ता को पता चला कि आरोपी रिश्वत ले रहा है, तो उसने एसीबी से संपर्क किया। इसके बाद एसीबी टीम ने योजना बनाकर आज आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। बता दें कि इससे पहले भी इसी थाने के दो अधिकारी रिश्वत के आरोप में पकड़े जा चुके हैं।




