BIG BREAKING: जीवन कुंडू हत्याकांड के 3 आरोपी गिरफ्तार, 50 हजार रुपए का इनामी मुख्य आरोपी शामिल
हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड में हरियाणा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हिसार पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गुजरात के जूनागढ़ से मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इनमें 50 हजार रुपए का इनामी मुख्य आरोपी रमेश शर्मा निवासी सूर्यनगर, विशाल उर्फ बाबा निवासी भारत नगर और सौरभ उर्फ मोल्ड निवासी सूर्यनगर शामिल हैं। इस कार्रवाई को लेकर हिसार के एसपी सिद्धांत जैन ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि 4 अगस्त 2026 को सूर्यनगर निवासी जीवन कुंडू की 10-12 लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी थी। मामले में थाना एचटीएम में एफआईआर नंबर 388 दर्ज की गई थी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1), 126, 190, 191(2), 191(3) और 61 के तहत केस दर्ज किया था। वारदात के बाद मुख्य आरोपी रमेश शर्मा, विशाल उर्फ बाबा और सौरभ उर्फ मोल्ड फरार हो गए थे। रमेश शर्मा की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हिसार पुलिस और एसटीएफ की अलग-अलग टीमें लगातार काम कर रही थीं। तकनीकी निगरानी के साथ मानव खुफिया तंत्र से भी आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपियों के गुजरात के जूनागढ़ में होने का इनपुट मिला। टीम ने वहां पहुंचकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी के अनुसार, तीनों आरोपी भेष बदल कर फरार होने की फिराक में थे। जूनागढ़ में वे किसी सुनसान ठिकाने पर छिपने के बजाय पब्लिक प्लेस में रह रहे थे। पुलिस टीम उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी और पुख्ता सूचना के बाद तीनों को काबू कर लिया गया।
एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से हत्या की वारदात, फरारी के दौरान उनके संपर्क में रहे लोगों, हथियारों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाएगी कि आरोपी हिसार से गुजरात के जूनागढ़ तक कैसे पहुंचे और फरारी के दौरान किस-किस व्यक्ति ने उनकी मदद की।

जीवन कुंडू हत्याकांड के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हिसार में लगातार विरोध प्रदर्शन और धरने हुए थे। लोगों में मामले को लेकर काफी रोष था। ऐसे में तीनों प्रमुख फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। आरोपी देश के किसी भी हिस्से में छिप जाएं, तकनीकी निगरानी और मानव खुफिया तंत्र के जरिए पुलिस उन तक पहुंचेगी। मामले की जांच जारी है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





