KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी श्रद्धालुओं से भरी पिकअप; 6 की मौत, 14 घायल
पलवल। कुंडली-मानसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार तड़के एक सड़क हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी ने एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। पिकअप में सवार श्रद्धालुओं की चीखपुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। मगर, तब तक 6 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी थी, जिनमें तीन महिलाएं शामिल है। 14 गंभीर घायल है, जिन्हें पलवल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से शुक्रवार को धार्मिक अनुष्ठानों के लिए निकले थे। सोमवार शाम को राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद ये सभी मथुरा के वृंदावन के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान केएमपी पर हादसा हो गया।

मंगलवार सुबह जैसे ही पिकअप हरियाणा के पलवल जिले की सीमा में केएमपी एक्सप्रेस वे पहुंचा, उसकी टक्कर सड़क किनारे खड़े ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। चीख पुकार मच गई। इसके बाद राहगीरों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह को मृत घोषित कर दिया, जिनमें विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश शामिल है। वहीं, सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी सहित 14 लोग घायल हुए हैं।

उधर, घटना के तुरंत बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, पिकअप चालक सुधीर भी फरार बताया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मृतकों के परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।




