KMP एक्सप्रेसवे पर ईको गाड़ी का भीषण हादसा, 3 की मौत और 9 घायल | सोनीपत रोड एक्सीडेंट
हरियाणा के सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक ईको गाड़ी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी में सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ।
सूचना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक PGI रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर सोनीपत के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। कार सवार यूपी के पीलीभीत से झज्जर में बाजरा कटाई के लिए जा रहे थे।



उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के रहने वाले 12 लोग ठेकेदार के साथ ईको गाड़ी में सवार होकर हरियाणा के झज्जर जिले में बाजरे की कटाई के लिए जा रहे थे। सभी मजदूर रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से निकले थे। ईको जब खरखौदा में आईएमटी के पास पहुंची, तभी उसकी एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईको में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला आरोप वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के समय ईको में ड्राइवर के अलावा मजदूर सवार थे। ड्राइवर और आगे की सीट पर बैठे दो मजदूरों की हादसे में मौत हो गई। बाकी नौ मजदूर पीछे बैठे थे, जिन्हें चोटें आई हैं।

हादसे में घायल मजदूरों की पहचान नेवाराम, प्रमोद, संजीव, महेंद्र पाल, फातिलाल, हरिशंकर, खुशाली, छोटू और विवेक के रूप में हुई है। सभी को इलाज के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से गंभीर रूप से घायल तीन मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए रोहतक PGI रेफर किया गया है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ईको की टक्कर किस वाहन से हुई और हादसा कैसे हुआ। फरार चालक की तलाश भी की जा रही है।।




