अंबाला बोरवेल हादसा: 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 4 वर्षीय निरवैर की मौत, 21 घंटे बाद मिला शव
हरियाणा ( Sahil Kasoon ) अंबाला में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 4 साल के निरवैर को बचाया नहीं जा सका। करीब 21 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे उसका शव बोरवेल से बाहर निकाला गया। सेना, NDRF और SDRF की टीमों ने उसे जिंदा निकालने के लिए हरसंभव कोशिश की, लेकिन मासूम की जिंदगी नहीं बच सकी।
निरवैर के शव को अंबाला सिटी सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। आज उसका पोस्टमॉर्टम होगा। मंगलवार सुबह निरवैर अपने पिता मनजीत सिंह के साथ खेत जाने की जिद पर अड़ गया था।
पिता ने उसे साथ ले जाने से मना किया तो उसने मासूमियत से कहा, “पापा, अगर आप मुझे खेत नहीं ले गए तो मैं बीमार हो जाऊंगा, फिर स्कूल भी नहीं जाऊंगा।”
बेटे की जिद के आगे पिता मान गए और उसे अपने साथ खेत ले गए। सुबह करीब 6:30 बजे दोनों दादा करनैल सिंह के लिए खाना लेकर खेत पहुंचे, लेकिन महज आधे घंटे बाद खेलते-खेलते निरवैर का पैर फिसला और वह खुले 220 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया।

सिविल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. ऋषिपाल सिंह ने बताया कि बच्चे का शव बाहर निकालते ही मौके पर उसकी प्राथमिक जांच की गई। कोई हलचल नहीं मिलने पर उसे अस्पताल लाया गया, जहां ECG समेत अन्य जरूरी जांच की गईं, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चे की मौत कैसे और किस समय हुई।

गांव के सरपंच कप्तान सिंह ने बताया कि मनजीत सिंह बिजली निगम में लगे हैं। मनजीत व उनकी पत्नी जसबीर कौर की बड़ी बेटी रीच कौर की उम्र करीब 12-13 साल है। उसके बाद करीब 8 साल बाद बेटा पैदा हुआ। परिवार ने काफी मन्नतें मांगी थी। निरवैर परिवार में सभी का चहेता है।
निरवैर का पास के गांव भानोखेड़ी के द स्कॉलर्स स्कूल में इसी साल नर्सरी में एडमिशन हुआ था। गर्मी की छुट्टियों में वह नानी के घर गया और सोमवार को ही वहां से लौटा। 1 जुलाई को स्कूल खुलने थे, इसी वजह से निरवैर अपने पापा को खेत जाने की जिद कर बैठा।

बेटे के बोरवेल में गिरने के बाद मनजीत सिंह रो-रोकर बेसुध हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से शाम को घर भेजा गया। देर रात मंत्री अनिल विज ने भी घर जाकर उनसे मुलाकात की। दादा करनैल सिंह खेत में जमीन पर बैठे रहे। कभी रोने लगते तो कभी हाथ से मिट्टी टटोटने लगते। यही कहते-ओ, निरवैर अब आ जा।

निरवैर के दादा करनैल सिंह खेतों में काम करने गए थे। निरवैर के पिता मनजीत मंगलवार सुबह 6ः30 बजे अपने पिता करनैल सिंह के लिए रोटी लेकर जाने लगे। निरवैर ने भी साथ जाने की जिद की। पिता ने उसे भी साथ ले लिया। निरवैर के पिता मनजीत खेत में जाकर काम करने लगे, जबकि दादा रोटी खाने लगे। निरवैर भी दादा के पास ही बैठ गया।
मनजीत ने बताया कि कुछ देर में वो खेलने लगा। खेलते-खेलते वो कुछ दूरी पर चला गया। वहां खुला बेरवेल देखकर निरवैर उसमें मिट्ठी फेंकने लगा। नीचे गहराई से आवाज आ रही थी, तो वो नीचे झांककर देखने लगा। बोरवेल के पास मिट्टी भी गीली थी। शायद इसी दौरान पांव फिसला और झांकते वक्त वो बोरवेल में ही गिर गया।
पिता ने आगे बताया कि इस दौरान जोर की आवाज आई तो दादा व उनका ध्यान इस तरफ गया। वो तुरंत बोरवेल के पास गए और आवाजें लगाई। दादा, पिता व आसपास के लोगों ने पहले खुद ही हाथ-पांव मारे। कुछ नहीं सूझा तो करीब साढ़े 7 बजे डायल 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। तब तक पिता व दादा बोरवेल के पास खड़े रोते-चिल्लाते रहे। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। NDRF व आर्मी को मदद के लिए बुलाया गया।




