कनाडा में झील में डूबने से फतेहाबाद के युवक की मौत, सांसद कुमारी सैलजा ने विदेश मंत्री से लगाई मदद की गुहार
फतेहाबाद (Sahil Kasoon ) शहर के लाजपत नगर निवासी 23 वर्षीय कमल सोनी की कनाडा में झील में बोटिंग के दौरान डूबने से मौत हो गई। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कमल पुत्र राकेश कुमार सोनी 28 दिसंबर 2023 को उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया था। वह ऑन्टारियो प्रांत में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
3 जुलाई 2026 को दोस्तों के साथ लेक पर बोटिंग के दौरान वह पानी में डूब गया। काफी प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद कनाडा में स्थानीय प्रशासन की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

कमल के पिता राकेश कुमार शहर में ज्वेलरी का व्यवसाय करते हैं। परिवार में 21 वर्षीय छोटा भाई है, जो बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है, जबकि दो बड़ी बहनें भी हैं। बेटे की असमय मौत से माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अब कमल के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं।
मृतक के जीजा सिरसा जिले के रानियां निवासी सुनील कुमार ने बताया कि कमल कंप्यूटर साइंस का कोर्स करने स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। कमल की दो बहनों में से एक शादीशुदा है जबकि एक बहन और छोटा भाई अविवाहित हैं।
सुनील ने बताया कि कमल को अगले महीने अगस्त में वापस आना था। 27 अगस्त को वह 24 साल का होने वाला था। उसने प्लान बनाया हुआ था कि मम्मी-पापा को अगले महीने आकर सरप्राइज देगा। इसकी प्लानिंग में अभी से जुटा हुआ था। इसी 30 जुलाई को उसकी बहन का जन्मदिन भी है।सुनील कुमार के अनुसार, अक्टूबर में कमल के मम्मी-पापा की 26वीं सालगिरह है। उसको सेलीब्रेट करने का भी कमल प्लान बना रहा था। मगर इससे पहले ही यह हादसा हो गया।

कमल का शव भारत मंगवाने के लिए परिवार ने सिरसा लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुमारी सैलजा से भी गुहार लगाई है। परिजनों ने इसके लिए फतेहाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद शर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात की। परिजनों ने विदेश से पार्थिव देह भारत लाने में आ रही कानूनी, प्रशासनिक एवं आर्थिक कठिनाइयों से उन्हें अवगत कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने तुरंत ही सांसद कुमारी सैलजा से फोन पर बात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सांसद सैलजा ने भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को पत्र लिखकर विदेश मंत्रालय तथा कनाडा स्थित भारतीय उच्चायोग एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

कमल सोनी का फाइल फोटो।




