कैथल में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: इनामी संदीप उर्फ कोहली घायल, SI की जान बाल-बाल बची

हरियाणा के कैथल जिले में सोमवार सुबह पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना पूंडरी क्षेत्र के गांव फरल के पास सुबह करीब 4 बजे हुई, जहां एवीटी स्टाफ और कुख्यात बदमाश संदीप उर्फ कोहली आमने-सामने आ गए।
जानकारी के अनुसार, आरोपी संदीप सिटी थाना में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहा था और उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर एवीटी स्टाफ के इंचार्ज एसआई मुकेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जैसे ही पुलिस टीम और आरोपी का आमना-सामना हुआ, बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान बदमाश की एक गोली एसआई मुकेश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में काबू कर लिया गया। आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरे मामले को लेकर एसपी जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा करेंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीने में कैथल पुलिस लगातार कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिससे जिले में अपराध पर नियंत्रण की दिशा में पुलिस की सक्रियता साफ नजर आ रही है।




