चरखी दादरी बस स्टैंड से हरियाणा रोडवेज बस चोरी, फास्टैग की मदद से राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से बरामद
भिवानी जिले के लोहारू सब डिपो की हरियाणा रोडवेज बस चरखी दादरी बस स्टैंड से चोरी होने का मामला सामने आया है। बस शुक्रवार रात अपने निर्धारित रूट से चरखी दादरी पहुंची थी और नाइट स्टे के लिए बस स्टैंड पर खड़ी की गई थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति बस लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही रोडवेज अधिकारियों और पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। तकनीकी सहायता और फास्टैग की मदद से बस को ट्रेस किया गया, जिसके बाद वह राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले से बरामद कर ली गई। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
भिवानी रोडवेज के महाप्रबंधक दीपक कुंडू ने बताया कि लोहारू सब डिपो की बस शुक्रवार रात लोहारू से चरखी दादरी पहुंची थी। रात को विश्राम (नाइट स्टे) के कारण बस को बस स्टैंड पर खड़ा किया गया था। रात करीब 9 बजे अज्ञात व्यक्ति बस को लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही चालक-परिचालक ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी।

बस चोरी होने के बाद रोडवेज अधिकारियों ने बस पर लगे फास्टैग की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक की। बस जैसे-जैसे विभिन्न टोल प्लाजा से गुजरती रही, फास्टैग से टोल कटने के संदेश मिलते रहे। इन्हीं संकेतों के आधार पर बस की लोकेशन का पता चलता गया और आखिरकार राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में बस बरामद कर ली गई।
चरखी दादरी बस स्टैंड के सहायक प्रबंधक सतीश कुमार ने बताया कि लोहारू सब डिपो की बस शुक्रवार रात बस स्टैंड पर खड़ी थी। रात करीब 8:53 बजे एक अज्ञात व्यक्ति बस लेकर चला गया। सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया और बस की तलाश शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि चोरी करने वाले के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चरखी दादरी सिटी थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि बस चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई थी। जांच के दौरान पता चला कि बस राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में पहुंच गई है। वहां के चंदोरिया थाना पुलिस से संपर्क कर बस को रुकवाया गया। चरखी दादरी पुलिस की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई है।
बस मिलने के बाद अब यह जांच की जा रही है कि आरोपी बस को किस उद्देश्य से लेकर गया था और उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
पुलिस का कहना है कि बस को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। अब आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही बस चोरी के पीछे की मंशा और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।





