जींद में बारातियों की कार का टायर फटा, 2 युवकों की मौत, 7 घायल | उचाना में दर्दनाक सड़क हादसा
हरियाणा ( Sahil Kasoon ) जींद में बारात में जा रहे दूल्हे के 2 दोस्तों की सड़क एक्सीडेंट में मौत हो गई। दोनों अर्टिगा गाड़ी में सवार होकर बारात में उचाना एरिया के एक गांव जा रहे थे। इस गाड़ी में मृतकों के अलावा 7 अन्य लोग भी सवार थे।
हादसे में सातों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दिल्ली- पटियाला नेशनल हाईवे पर बड़ौदा गांव के पास गाड़ी का अचानक टायर फट गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गाड़ी अनियंत्रित होकर 3-4 बार पलट गई।
सड़क किनारे पड़े पाइपों से भी गाड़ी की टक्कर हुई। एक्सीडेंट में गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पीछे के टायर तक निकलकर डैशबोर्ड से चिपक गए। पुलिस ने सभी घायलों को उचाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने 2 युवकों को मृत घोषित कर दिया।
एक्सीडेंट में कार परखच्चे उड़े


जींद के छात्तर गांव से बुधवार रात बड़ौदा गांव में बारात जा रही थी। बड़ौदा गांव के पास ही बारात की एक गाड़ी का टायर फट गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर रोड किनारे पे पाइपों से टकरा गई। जिसके बाद कार ने 3-4 बार पलटी मारी।
हादसे में छात्तर के अंकुश और करसिंधु गांव के दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उचाना के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दीपक और अंकुश को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य सात घायलों को हिसार रेफर कर दिया।
सभी घायलों का हिसार के जिंदल अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान मनीष (23), अंकित (22), आशु (23) ,काला (उम्र 25) के रूप में हुई है। सभी घायल छात्तर गांव के ही रहने वाले हैं। जबकि तीन अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।
उचाना थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि प्राइमरी जांच में सामने आया है- कार का टायर फटने से गाड़ी सड़क किनारे रखे पाइपों से टकरा गई। सभी घायलों का डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

एक्सीडेंट में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और बॉडी कई जगह से टूट-फूट गई। हादसा इतना भीषण था कि पीछे का पूरा सेक्शन लगभग खत्म हो गया। कार की खिड़कियों के शीशे टूटने के साथ पीछे के टायर निकलकर आगे डैस्बोर्ड पर चिपक गए। हालांकि अभी यह सामने नहीं आया कि ड्राइविंग कौन कर रहा था।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाला छात्तर गांव का अकुंश परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। वहीं, करसिंधु गांव का दीपक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और छात्तर गांव में हेयर सैलून चलाता था। परिजनों का कहना है कि ड्राइवर आरजीएम कॉलेज के पास सीएनजी भरवाने के लिए रुका था, आगे करीब एक किलोमीटर चलते ही ये हादसा हो गया।





