बहादुरगढ़ ट्रिपल डेथ केस: सुसाइड नोट से जांच में नया मोड़, पत्नी और कथित साथी पर लगाए गंभीर आरोप
झज्जर ( Sahil Kasoon ) बहादुरगढ़ शहर की ओमैक्स सिटी स्थित बीपीएल फ्लैट्स में मंगलवार सुबह सामने आए ट्रिपल डेथ केस में अब नया और चौंकाने वाला एंगल सामने आया है। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मृतक ने अपनी और अपने दोनों बच्चों की मौत के लिए अपनी पत्नी और उसके कथित साथी को जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
वहीं मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए बुधवार को तीनों शवों का मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है। वह मूल रूप से महेंद्रगढ़ जिले के खुडान गांव का रहने वाला था। उसका परिवार बहादुरगढ़ के लाइनपार स्थित हरि नगर में रहता है। सुनील पिछले कुछ समय से ओमैक्स सिटी के बीपीएल फ्लैट्स के फ्लैट नंबर-309 में किराए पर रह रहा था। वह ड्राइविंग के साथ-साथ प्रॉपर्टी डीलिंग का भी काम करता था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सुनील की पत्नी पिछले कुछ दिनों से मायके गई हुई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को सुनील अपने दोनों बच्चों को लेकर अपने भाइयों के घर से यह कहकर फ्लैट पर आया था कि उसकी पत्नी वापस आने वाली है। लेकिन रात में क्या हुआ, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
फ्लैट के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास रहने वाले लोगों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया। अंदर का दृश्य बेहद दर्दनाक था। कमरे में दोनों मासूम बच्चे मृत अवस्था में बेड पर पड़े थे, जबकि सुनील का शव पंखे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

मौके की परिस्थितियों को देखकर पुलिस को आशंका है कि पहले दोनों बेटों को कोई जहरीला पदार्थ दिया गया और उसके बाद सुनील ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में लिखा गया है कि अगर मेरी और मेरे बच्चों की मौत होती है तो इसकी जिम्मेदारी मेरी पत्नी और उसके साथी की होगी। पुलिस ने इस नोट को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड नोट में पत्नी के साथ जिस साथी का जिक्र किया गया है, पुलिस अब उसकी पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय पत्नी वास्तव में मायके में थी या कहीं और। पुलिस उसके मोबाइल फोन की लोकेशन, कॉल डिटेल, चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुनील और उसकी पत्नी की लव मैरिज हुई थी। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या दोनों के बीच लंबे समय से कोई पारिवारिक विवाद चल रहा था।
पुलिस ने तीनों शवों को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। बुधवार को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में तीनों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम के दौरान विसरा सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बच्चों की मौत किसी जहरीले पदार्थ से हुई या किसी अन्य कारण से। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई है। कमरे से मिले सुसाइड नोट समेत अन्य सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है। परिजनों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट, सुसाइड नोट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव, वैवाहिक संबंधों और अन्य सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है।




