यूपी में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या, जिम से निकलते ही 18 राउंड फायरिंग
यूपी के शामली में बुधवार शाम 32 साल के यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम के बाहर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन पर 18 राउंड फायरिंग की। सिर, पेट में 5 गोली लगने से वह गिर गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात शाम करीब 7 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, 4 हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे। घटना से गुस्साए लोगों ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए सड़क जाम कर दिया है। मां अंकित की लाश गोद में लेकर सड़क पर बैठ गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान की कोशिश कर रही है।
अंकित अपने गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ से काफी चर्चित हुए थे। वर्ष 2023 में शामली में उनके रोड शो की भी चर्चा हुई थी।
बताया जा रहा है कि अंकित जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे। उनकी हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। वे फेमस भले हरियाणवी गानों के लिए हुए, लेकिन उनका जन्म शामली में ही हुआ था।
घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए…



अंकित बालियान का शामली में बंतीखेड़ा गांव है। वे हरियाणा के सोनीपत में रहते थे। पिछले कई माह से वे परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। बुधवार शाम वह रोज की तरह शहर कोतवाली के आर्यपुरी नाला पटरी में जिम करने गए थे। करीब 7 बजे अंकित जैसे ही जिम से बाहर निकले, उन पर हमलावारों ने करीब 18 राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग से आस-पास भगदड़ मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, हमलावर पहले से जिम के बाहर थे। वे अंकित बालियान के बाहर आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही अंकित जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठने लगे, तभी बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। अंकित ने बचने की कोशिश की। लेकिन ड्राइविंग सीट की तरफ दीवार थी। इसलिए अंकित ने स्कॉर्पियो की को-ड्राइविंग सीट की तरफ से अंदर जाने का प्रयास किया।
हमलावरों ने जबरन स्कॉर्पियो का गेट खोला और अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। तीन गोलियां गाड़ी के अगले शीशे में और 5 अंकित के शरीर में जा लगीं। वारदात के बाद चारो हमलावर पैदल ही मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड पर वर्मा मार्केट तिराहे के पास सड़क जाम कर दिया है। यह जगह जिम से करीब 50 मीटर दूर है, जहां अंकित की हत्या की गई थी। अंकित के गांव से बड़ी संख्या में लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर मौके पर पहुंच रहे हैं।
पुलिस ने तिराहे से करीब 50 मीटर पहले बैरियर लगा दिया है। मौके पर 4 थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। पुलिस अधिकारियों की ओर से लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

अंकित की मां बेटे का सिर गोद में रखकर सड़क पर बैठी हैं। बिलखते हुए कह रही थीं- “बोलो मत, मेरा बेटा सो रहा है।”
मौके पर मौजूद ग्रामीण और अंकित के यार-दोस्तों में भारी आक्रोश है। लोग शामली के पूरे पुलिस प्रशासन को निलंबित करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई हो।
मौके पर एसपी समेत भारी पुलिस बल मौजूद है। पुलिस अधिकारियों की ओर से आक्रोशित भीड़ को समझाने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि घटना में शामिल हमलावर हरियाणा के हो सकते हैं।
एसपी एनपी सिंह ने बताया, अंकित बालियान की हत्या की वजहों के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। टीमें सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। जल्द ही खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
अंकित बालियान पर शामली में FIR भी दर्ज हुई थी। दरअसल, 27 जुलाई 2023 को उत्तर प्रदेश के शामली में लिलौन बाईपास पर अंकित बालियान का स्वागत समारोह हुआ था। यहां से गाड़ियों और बाइकों पर काफिले के साथ जुलूस निकाला गया। इसमें प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इस रोड शो में कुछ समर्थकों ने हुड़दंगबाजी की थी, जिसके बाद नियमों का उल्लंघन करने के मामले में अंकित बालियान समेत 40 से ज्यादा समर्थकों पर FIR दर्ज हुई थी।
2 और तस्वीरें देखिए…






